राष्ट्रीय सम्मेलन ‘स्पार्क-ओ-फेस्ट 2.0’:लखनऊ में जुटेंगे देशभर के 2000 से अधिक प्रतिनिधि, नवाचार और उद्यमिता पर होगा मंथन

Nov 26, 2026 - 12:12
0
राष्ट्रीय सम्मेलन ‘स्पार्क-ओ-फेस्ट 2.0’:लखनऊ में जुटेंगे देशभर के 2000 से अधिक प्रतिनिधि, नवाचार और उद्यमिता पर होगा मंथन
लखनऊ में सरस्वती डेंटल कॉलेज एवं जूपअप के संयुक्त तत्वावधान में 28 और 29 नवंबर को अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘स्पार्क-ओ-फेस्ट 2.0’ आयोजित होगा। सम्मेलन का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे। इसमें देशभर से 2000 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। यह जानकारी स्पार्क नवाचार एवं उद्भवन केंद्र के संस्थापक निदेशक और सम्मेलन अध्यक्ष कमांडर सुमित घोष ने बुधवार को लखनऊ गोल्फ क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में 250 से अधिक प्रतिभागी विचार-विमर्श, स्टार्टअप प्रस्तुतीकरण, नवाचार प्रदर्शनी और इलेक्ट्रॉनिक पोस्टर प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को कुल पांच लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। चेन्नई, हैदराबाद, मुंबई, पुणे और दिल्ली सहित कई शहरों से प्रतिभागी पहुंचेंगे। कार्यक्रम में नौ मुख्य व्याख्यान, दो उच्चस्तरीय परिचर्चाएं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर दो विशेषज्ञ कार्यशालाएं आयोजित होंगी। इनमें नवाचार, निवेश, उद्यमिता, उन्नत तकनीक और सरकारी योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन निदेशक डॉ. कुणाल साह ने कहा कि स्वास्थ्य और दंत चिकित्सा के क्षेत्र में नवाचार की भूमिका लगातार बढ़ रही है। इससे मरीजों की देखभाल और उपचार की गुणवत्ता बेहतर बनाई जा सकती है। वहीं, आयोजन सचिव डॉ. कविता धिंसा ने बताया कि युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने, फंडिंग, बौद्धिक संपदा अधिकार और व्यावसायिक रणनीतियों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में पॉडकास्ट सेंटर, लाइव प्रसारण और स्वयंसेवकों के लिए एआई कार्यशालाएं भी आयोजित होंगी। ‘विचार से प्रभाव तक’ थीम पर होने वाला यह आयोजन विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और उद्यमियों को नवाचार और उद्यमिता के लिए साझा मंच उपलब्ध कराएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User