3 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार हुआ ROC अधिकारी:रायबरेली में भाजपा नेत्री पत्नी के कॉलेज से भी मिले संदिग्ध दस्तावेज और नकदी

Nov 26, 2026 - 13:32
0
3 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार हुआ ROC अधिकारी:रायबरेली में भाजपा नेत्री पत्नी के कॉलेज से भी मिले संदिग्ध दस्तावेज और नकदी
पटना में तैनात रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (ROC) और ऑफिशियल लिक्विडेटर रमेश कुमार को 3 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। इसके बाद CBI ने लखनऊ, पटना और रायबरेली में छापेमारी की। मामला रायबरेली की राजनीति और शिक्षा जगत से भी जुड़ा है। रमेश कुमार की पत्नी डॉ. रीता वर्मा पासी रायबरेली भाजपा महिला अनुसूचित मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष हैं। उन्हें सलोन विधानसभा सीट से भाजपा टिकट का दावेदार माना जा रहा है। भाजपा नेत्री हैं कॉलेज की प्रबंधक डॉ. रीता वर्मा पासी सलोन तहसील के छतोह ब्लॉक के चतुरपुर/कपूरपुर इलाके में स्थित श्री राजाराम चेतना डिग्री कॉलेज की प्रबंधक हैं। यह कॉलेज लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध है। उनका घर पड़ोसी जिले अमेठी के लड़हियापुर में है। रमेश कुमार की गिरफ्तारी के बाद CBI की टीम ने रायबरेली स्थित कॉलेज और अमेठी के घर पर छापा मारा। यहां से कई संदिग्ध दस्तावेज, चल-अचल संपत्तियों के कागजात और नकदी मिलने की बात सामने आई है। जांच में यह भी सामने आया है कि रायबरेली में डॉ. रीता वर्मा पासी के कई अन्य स्कूल-कॉलेज चल रहे हैं। जांच एजेंसी इनकी संपत्तियों का ब्योरा जुटा रही है। शिकायत में 10 लाख रुपए रिश्वत मांगने का आरोप CBI को दी गई आधिकारिक शिकायत के मुताबिक, लखनऊ के निशातगंज स्थित पेपर मिल कॉलोनी के रहने वाले अंकुर शर्मा ने 22 नवंबर को SP, CBI लखनऊ से लिखित शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार, दिसंबर 2025 में अंकुर की पत्नी शिवांगी शर्मा की फर्म 'मेसर्स रिद्धि सिद्धि' को बिहार के डालमियानगर स्थित रोहतास शुगर मिल फैक्ट्री से स्क्रैप उठाने का टेंडर मिला था। कुछ स्क्रैप उठाने के बाद रमेश कुमार ने काम रुकवा दिया। आरोप है कि लखनऊ में मुलाकात के दौरान रमेश कुमार ने बाकी स्क्रैप उठाने की अनुमति देने के बदले 10 लाख रुपए की रिश्वत मांगी। रकम नहीं देने पर टेंडर निरस्त करने, सिक्योरिटी राशि जब्त करने और दोबारा टेंडर कर किसी दूसरे व्यक्ति को काम देने की धमकी भी दी गई। 23 नवंबर को दर्ज हुआ नियमित मामला शिकायत के गोपनीय सत्यापन के बाद 23 नवंबर 2026 को CBI (ACB) लखनऊ के DIG एवं ब्रांच हेड गौरव सिंह (IPS) ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत नियमित मामला दर्ज करने का आदेश दिया। इसकी जांच डिप्टी SP आशीष कुमार सिंह को सौंपी गई। इसके बाद CBI ने जाल बिछाया। मंगलवार शाम लखनऊ के वृंदावन इलाके में 3 लाख रुपए की पहली किस्त लेते हुए रमेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। 7 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजे गए गिरफ्तारी के बाद बुधवार को रमेश कुमार को लखनऊ स्थित CBI की विशेष अदालत में न्यायाधीश राहुल प्रकाश के सामने पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 7 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय के अधीन तैनात इस अधिकारी के निलंबन की तैयारी भी शुरू हो गई है। कार्रवाई और कॉलेज पर छापेमारी के बाद रायबरेली और सलोन के सियासी गलियारों में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User