सांसद संजय सिंह की हाजिरी माफी की अर्जी खारिज:संतकबीरनगर पेशी से लगातार गैरहाजिर रहने पर गैर जमानती वारंट जारी
संतकबीरनगर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चेतना त्यागी की अदालत ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। सुनवाई के दौरान संजय सिंह अदालत में पेश नहीं हुए थे। उनकी ओर से हाजिरी माफी की अर्जी दी गई, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। विशेष लोक अभियोजक अच्युतानंद शुक्ला के मुताबिक, अभियोजन पक्ष ने भी हाजिरी माफी का विरोध किया था। आरोप तय करने के लिए बुलाया था अदालत ने कहा कि 27 मई 2026 को संजय सिंह की आरोपमुक्त करने की अर्जी पर्याप्त आधार नहीं होने के कारण खारिज कर दी गई थी। इसके बाद आरोप तय करने के लिए 12 जून 2026 की तारीख निर्धारित की गई थी। उन्हें व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया था। कई मौके मिलने के बाद भी नहीं हुए पेश अदालत के मुताबिक, संजय सिंह को पेश होने के कई मौके दिए गए, लेकिन वह लगातार गैरहाजिर रहे। अदालत ने इसे जमानत की शर्तों का पालन नहीं करना माना। इसी आधार पर हाजिरी माफी की अर्जी खारिज कर गैर जमानती वारंट जारी किया गया। 2020 की प्रेसवार्ता से जुड़ा है मामला यह मामला बखिरा थाना क्षेत्र के निवासी राथेश्याम मौर्य की शिकायत से जुड़ा है। आरोप है कि 12 अगस्त 2020 को संजय सिंह ने अपने सहयोगियों सभाजीत सिंह और बृज कुमारी के साथ प्रेसवार्ता की थी। इसमें उन्होंने प्रदेश में ब्राह्मणों पर अत्याचार होने की बात कही थी। साथ ही भाजपा के 58 ब्राह्मण विधायकों के भी नाराज होने का दावा किया था। आपत्तिजनक बयान देने का लगाया था आरोप शिकायतकर्ता राथेश्याम मौर्य ने आरोप लगाया था कि प्रेसवार्ता में आपत्तिजनक और समाज में कटुता पैदा करने वाले बयान दिए गए। उन्होंने संवैधानिक मर्यादा के उल्लंघन का भी आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर बखिरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)