बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश का आरोपी गिरफ्तार:इटावा में पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली, घटना के छह घंटे बाद पकड़ा गया
इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रही करीब चार साल की बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर आलू के खेत में ले जाने और उसके साथ गलत कृत्य करने का प्रयास करने के आरोपी को पुलिस ने घटना के छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। सैयद बाबा देवस्थान के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने गुरुवार दोपहर साढ़े 12 बजे मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, 25 और 26 नवंबर की रात बच्ची अपने परिजनों के साथ शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में विजय यादव (28) निवासी मोहल्ला कायस्थान, थाना इकदिल ने बच्ची को चॉकलेट खिलाने का लालच दिया। आरोप है कि वह उसे पास के आलू के खेत में ले गया और उसके साथ गलत कृत्य करने का प्रयास किया। इकदिल थाने में शिकायत दर्ज कराई घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने इकदिल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर बीएनएस की धारा 76 और पॉक्सो एक्ट की धारा 9एम/10 के तहत कार्रवाई शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह और सीओ सिटी अवनीश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए इकदिल पुलिस की कई टीमें लगाई गईं।सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह के मुताबिक, रात में पुलिस टीम इलाके में संदिग्धों की तलाश और चेकिंग कर रही थी। पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया इसी दौरान टीम सैयद बाबा देवस्थान के पास पहुंची तो वहां एक व्यक्ति छिपा दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने उसे बाहर आकर पूछताछ करने को कहा, लेकिन उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के बाएं पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय यादव पुत्र स्वर्गीय बलवीर सिंह यादव, निवासी मोहल्ला कायस्थान, इकदिल के रूप में हुई है। तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मुठभेड़ और अवैध हथियार बरामदगी के संबंध में इकदिल थाने में दूसरा मुकदमा दर्ज किया है। इसमें बीएनएस की धारा 109(1), आयुध अधिनियम की धारा 3/25/27 और उत्तर प्रदेश डकैती प्रभावित क्षेत्र अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में इकदिल थाने के क्राइम प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)