संविधान दिवस पर सामूहिक पाठ:चित्रकूट में हजारों विद्यार्थियों ने एक साथ पढ़ी संविधान की प्रस्तावना, विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास

Nov 26, 2026 - 13:17
0
संविधान दिवस पर सामूहिक पाठ:चित्रकूट में हजारों विद्यार्थियों ने एक साथ पढ़ी संविधान की प्रस्तावना, विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास
चित्रकूट में संविधान दिवस पर गुरुवार को चित्रकूट इंटर कॉलेज (सीआईसी), कर्वी में ‘एक स्वर, एक संविधान’ का नारा गूंजा। सुबह 8:55 से 9:05 बजे तक हजारों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अधिकारियों ने एक साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। जिले के कई अन्य विद्यालयों में भी निर्धारित समय पर यह आयोजन हुआ। इसके जरिए सामूहिक पाठ का विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अपर जिला जज रेनू मिश्रा ने उपस्थित लोगों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकृत किया गया था। संविधान देश की आत्मा है, जो प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार देता है। न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता इसके मूल आधार हैं। विद्यार्थियों को अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए। जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर ने बताया कि सीआईसी सहित जिले के कई विद्यालयों में एक साथ प्रस्तावना का पाठ कराया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव इला चौधरी ने कहा कि युवा पीढ़ी को संविधान के आदर्शों से जोड़ना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक एवं गीतकार लालमन ने संविधान पर आधारित गीत प्रस्तुत किया। इस दौरान शंकर बाजार स्थित दृष्टिहीन बालिका विद्यालय, साधो प्रसाद पब्लिक स्कूल, भाभा कॉन्वेंट, आर्किड पब्लिक स्कूल, पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय कछारपुरवा और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय शिवरामपुर में भी सामूहिक पाठ हुआ। कार्यक्रम में सीओ यातायात करिश्मा गुप्ता, प्रधानाचार्य जेपी मिश्रा, डॉ. रणवीर सिंह चौहान, बलवीर सिंह और एनसीसी अधिकारी सुनील शुक्ला सहित शिक्षक एवं हजारों विद्यार्थी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User