4 लोगों की मौत मामले में ट्रक ड्राइवर पर FIR:मथुरा में दर्शन करके कार से लौट रहे थे, अचानक ब्रेक लगाने से टक्कर हुई
मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र में आगरा-दिल्ली हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हादसा सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे सनसिटी के पास हुआ था। इसमें स्विफ्ट कार सवार चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि पांच लोग घायल हुए थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर राजस्थान नंबर के ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। अचानक ब्रेक लगाने से ट्रक में घुसी कार पुलिस को दी गई तहरीर में धीरज शर्मा पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी बीरधनपुरा, थाना देहात भिंड, मध्य प्रदेश ने बताया कि उनका भांजा देवाशीष परिवार और रिश्तेदारों के साथ स्विफ्ट कार से मथुरा-वृंदावन दर्शन करने आया था। सोमवार सुबह सभी लोग वृंदावन में दर्शन करने के बाद रमनरेती जा रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे कार श्रीराम धर्मकांटा के सामने पहुंची। आरोप है कि आगे चल रहे राजस्थान नंबर के ट्रक चालक ने तेज गति और लापरवाही से अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रही स्विफ्ट कार ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार सभी नौ लोग घायल हो गए। दो महिलाओं और दो बच्चों की मौत हादसे के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान रूबी शर्मा, ज्योति, कान्हा और रुद्र की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। हादसे में घायल पांच अन्य लोगों का उपचार कराया गया। ट्रक कब्जे में, चालक की तलाश जारी थाना प्रभारी शिवप्रसाद सिंह ने बताया कि धीरज शर्मा की तहरीर पर ट्रक नंबर RJ11GB7922 के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)