आगरा में भगवान बुद्ध की मूर्ति चोरी का मामला:सांसद सुमन बोले - मूर्ति रख देना समाधान नहीं, चोरों का पर्दाफाश हो

Nov 06, 2026 - 18:26
0
आगरा में भगवान बुद्ध की मूर्ति चोरी का मामला:सांसद सुमन बोले - मूर्ति रख देना समाधान नहीं, चोरों का पर्दाफाश हो
आगरा के ढेढ़ी बगिया स्थित बुद्ध विहार से भगवान गौतम बुद्ध की पीतल की मूर्ति गुरुवार को चोरी हो गई थी। घटना को गंभीर बताते हुए राज्यसभा सांसद सपा नेता रामजीलाल सुमन घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासन और पुलिस पर कड़ी नाराजगी जताई। सांसद सुमन ने कहा कि आगरा जनपद में ही नगला स्वरूप और नगला गोवल में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्तियां तोड़ी गईं। कहीं मूर्तियां चोरी हो जाती हैं, तो कहीं तोड़ दी जाती हैं। इसके बाद प्रशासन ने एक शॉर्टकट तरीका अपना लिया है। जहां मूर्ति चोरी होती है या टूटती है, वहां नई मूर्ति रख दी जाती है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि मूर्तियां तोड़ने वाले कौन हैं और चोरी करने वाले कौन हैं। इनका पर्दाफाश होना चाहिए। नई मूर्ति रख देना सवाल का जवाब नहीं है। सवाल यह है कि मूर्ति चोरी करने वाले कौन हैं, बाबा साहब की मूर्ति तोड़ने वाले कौन हैं। उनके खिलाफ आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। सांसद ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में मूर्तियां तोड़ने और चोरी की घटनाओं की बाढ़ आई हुई है। अगर एक भी जगह प्रभावी कार्रवाई हो जाती, तो इन घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होती। कुल मिलाकर कानून व्यवस्था की हालत बहुत खराब है। इसी वजह से लोगों की हिम्मत बढ़ रही है। चोरी हो रही है, मूर्तियां टूट रही हैं। रामजीलाल सुमन ने कहा कि यह एक विचार पर हमला है। सरकार कुछ भी कहे, लेकिन मूर्तियां सुरक्षित नहीं हैं। भगवान गौतम बुद्ध की मूर्तियां सुरक्षित नहीं हैं। यहां भी कल मूर्ति चोरी हुई है। मूर्ति रखने का सवाल नहीं है, सवाल चोरों को पकड़ने का है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की। कहा कि धार्मिक आस्था और विचारधारा से जुड़ी प्रतिमाओं की चोरी से लोगों की भावनाएं आहत होती हैं। पुलिस को इस मामले को गंभीरता से लेकर जल्द खुलासा करना चाहिए, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User