डीएम ने ईवीएम-वीवीपैट जांच का जायजा लिया:निर्वाचन आयोग के मानकों के हिसाब से समय पर काम पूरा करने पर जोर
मऊ में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने बुधवार को 3 बजे ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस में चल रहे प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जांच कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों, इंजीनियरों और टेक्नीशियनों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, सतर्कता और विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच का कार्य पूरी सावधानी के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि एफएलसी के प्रत्येक चरण में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनी रहे। अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी एफएलसी की प्रक्रिया को ध्यानपूर्वक समझने और उसके विभिन्न चरणों की जानकारी प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी पक्षों की सहभागिता और स्पष्ट समझ से पारदर्शिता को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एफएलसी के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखी जाएं और पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाए। साथ ही निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार सहित निर्वाचन विभाग के संबंधित अधिकारी, इंजीनियर, टेक्नीशियन और विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)