आगरा में शिक्षकों की बैठक:विद्यालयों में सफाई व्यवस्था पर चिंता जताई, अधिकारियों का घेराव करने की चेतावनी
परिषदीय विद्यालयों में साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था से नाराज शिक्षकों ने अब पंचायती राज विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शिक्षक संगठन 'यूटा' के बैनर तले हरीपर्वत स्थित प्राथमिक विद्यालय बुढ़ान सैयद में शिक्षकों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस दौरान शिक्षकों ने तीखी नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में जल्द सुधार न होने पर डीपीआरओ और नगर आयुक्त के घेराव की चेतावनी दी है। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए यूटा के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राठौर ने कहा कि संगठन लगातार शासन स्तर पर प्रयास कर रहा है कि शिक्षकों का जीपीएफ ब्यौरा पूरी तरह ऑनलाइन किया जाए, ताकि सेवानिवृत्ति के समय भुगतान में होने वाली अवैध वसूली पर रोक लग सके। वहीं, प्रदेश कोषाध्यक्ष वीपी बघेल और संगठन मंत्री यादवेन्द्र शर्मा ने मानव संपदा पोर्टल पर मौजूद ऑनलाइन सेवापुस्तिका में भारी त्रुटियों और उससे शिक्षकों को हो रहे वित्तीय नुकसान पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। बैठक की अध्यक्षता कर रहे यूटा के जिलाध्यक्ष के.के. शर्मा ने एआरपी को चेतावनी देते हुए कहा कि वे स्वयंभू अधिकारी न बनें। उनका मूल काम निरीक्षण करना नहीं बल्कि 'सपोर्टिंग सुपरविजन' है, इसलिए उन्हें स्वयं भी पढ़ाना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राजीव वर्मा ने किया। उन्होंने पात्र शिक्षकों के लंबित चयन व प्रोन्नत वेतनमान जारी करने और हर महीने की पहली तारीख को वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र चाहर, कोषाध्यक्ष अशोक जादोन, नारायण हरि यादव, प्रवेश शर्मा, सुशील शर्मा, ज्योति माहेश्वरी, अशोक शर्मा, शिव सिंह, निधि वर्मा, मुकुल गुजराल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व पदाधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)