आज CM देंगे 502 करोड़ की 104 परियोजनाओं की सौगात:GIDA के स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ करेंगे, जापान समेत पांच देशों के खरीदार पहुंचेंगे
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गोरखपुर पहुंचेंगे। इस दौरान उनके सामने 17,650 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के लिए पांच कंपनियों के साथ एमओयू का आदान-प्रदान होगा। मुख्यमंत्री 502 करोड़ रुपये की 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इसके साथ ही औद्योगिक प्रदर्शनी सह व्यापार मेले का शुभारंभ करेंगे। 29 नवंबर से एक दिसंबर तक आयोजित होने वाले स्थापना दिवस समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) विशाल कुमार के मुताबिक, इस बार निवेश प्रस्ताव मुख्य रूप से हरित ऊर्जा, दवा निर्माण, धातु प्रसंस्करण, डिस्टिलरी और मत्स्य आहार उत्पादन से जुड़े हैं। समारोह में बायर्स-सेलर्स मीट भी होगी, जिसमें देश के विभिन्न शहरों के साथ विदेश से भी खरीदार और प्रतिनिधि शामिल होंगे।
पांच कंपनियों के साथ होगा 17,650 करोड़ का एमओयू
स्थापना दिवस समारोह में पांच कंपनियों के साथ निवेश समझौते किए जाएंगे। इनमें सबसे बड़ा निवेश ACME कंपनी की ओर से प्रस्तावित है। कंपनी ग्रीन अमोनिया परियोजना के लिए 16 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसके अलावा सिम्बायोटिक थेराप्यूटिक्स प्राइवेट लिमिटेड दवा निर्माण परियोजना में 500 करोड़ रुपये, आर्बिट ग्रुप आयरन, स्टील और एल्युमीनियम व्हील रोलिंग परियोजना में 500 करोड़ रुपये, एसआर मदर्स नेचर डिस्टिलरीज डिस्टिलरी परियोजना में 500 करोड़ रुपये और दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड मत्स्य आहार उत्पादन में 150 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इन प्रस्तावित परियोजनाओं से पूर्वांचल में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। 188.84 करोड़ की 40 परियोजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री 502 करोड़ रुपये की कुल 104 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें सिविल, विद्युत और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़े काम शामिल हैं। गीडा और धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों, बिजली व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री 188.84 करोड़ रुपये की 40 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें 126.23 करोड़ रुपये के 19 सिविल कार्य और 62.61 करोड़ रुपये के 21 विद्युत एवं अन्य कार्य शामिल हैं। वहीं, 313.47 करोड़ रुपये की 64 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। इनमें 272.30 करोड़ रुपये के 44 विकास कार्य और 41.18 करोड़ रुपये के 20 विद्युत एवं अन्य कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं में श्रमिकों के लिए लेबर डॉरमेट्री का निर्माण भी शामिल है। जापान, नेपाल समेत पांच देशों के खरीदार आएंगे
गीडा स्थापना दिवस पर पहली बार विदेश से खरीदार बायर्स-सेलर्स मीट में शामिल होंगे। जापान, नेपाल, ऑस्ट्रिया, वियतनाम और श्रीलंका के प्रतिनिधियों के आने का कार्यक्रम है। इसके अलावा दिल्ली, पंजाब, मुंबई समेत देश के विभिन्न हिस्सों से भी कारोबारी और प्रतिनिधि पहुंचेंगे। औद्योगिक प्रदर्शनी सह व्यापार मेले में करीब पांच दर्जन स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें गारमेंट पार्क और प्लास्टिक पार्क में तैयार हो रहे उत्पादों के साथ फर्नीचर, स्टार्टअप और ओडीओसी (एक जिला, एक व्यंजन) के स्टॉल भी होंगे। इन स्टॉल के जरिए गीडा में बन रहे उत्पादों और स्थानीय उद्यमों को खरीदारों के सामने प्रदर्शित किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)