8वीं कक्षा का छात्र स्कूल में बम लेकर पहुंचा:प्रयागराज में साथी से हुआ था झगड़ा, पूछने पर बोला-खुद बनाया, बाल सुधार गृह भेजा गया
प्रयागराज के गऊघाट स्थित ईविंग क्रिश्चियन पब्लिक स्कूल में आठवीं कक्षा का एक छात्र बम लेकर स्कूल पहुंच गया। चेकिंग के दौरान उसके बैग से एक के बाद एक तीन बम निकले तो सनसनी फैल गई। पूछताछ में टीचर तब हैरान रह गए जब उसने इन बमों को खुद ही बनाने की बात बताई। यह भी बताया कि साथी छात्र से झगड़े को लेकर वह बम लेकर स्कूल पहुंचा था। पुलिस ने उसे बाल सुधार गृह भेज दिया है। तलाशी के दौरान हुआ खुलासा
इस मामले में उप प्रधानाचार्य अजय शुक्ला की तहरीर पर मुकदमा भी दर्ज किया गया। इसके अनुसार, 26 नवंबर की सुबह करीब 10:30 बजे स्कूल में छात्रों के बैग की जांच की जा रही थी। इसी दौरान शिक्षक अनुराग चत्री और मोहम्मद अफरोज ने आठवीं के एक छात्र के बैग में तीन बम देखे। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी स्कूल प्रशासन को दी। पूछताछ में छात्र ने कबूला
स्कूल प्रशासन की सख्ती से पूछताछ में छात्र ने स्वीकार किया कि तीनों बम उसने खुद बनाए थे। उसने बताया कि कक्षा के एक छात्र से उसका झगड़ा हुआ था, जिसके चलते वह उन्हें स्कूल लेकर आया था। हालांकि, पुलिस अभी यह जांच कर रही है कि उसका इरादा किसी पर हमला करने का था या केवल डराने का। मुकदमा दर्ज, बाल सुधार गृह भेजा गया
उप प्रधानाचार्य की तहरीर पर मुठ्ठीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद उसे सक्षम प्राधिकारी के समक्ष पेश किया गया और फिर वहां अनुमति मिलने पर बाल सुधार गृह भेज दिया है। मुट्ठीगंज एसएचओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यह भी जांच की जा रही है कि छात्र ने विस्फोटक सामग्री कहां से जुटाई और बम बनाने की जानकारी उसे कैसे मिली।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)