कानपुर में बीटेक के छात्र ने हॉस्टल में किया सुसाइड:फोन नहीं उठाने पर पहुंचा था चचेरा भाई, मां शव देखकर बेहोश
कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती स्थित चंदेल बॉयज हॉस्टल में शनिवार शाम एचबीटीयू के बीटेक छात्र ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। छात्र का शव हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर स्थित कमरे में फंदे से लटकता मिला। दोपहर से लगातार फोन करने के बावजूद जब छात्र ने कॉल रिसीव नहीं की तो अनहोनी की आशंका में उसका चचेरा भाई हॉस्टल पहुंचा। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो उसने खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर झांका। कमरे में भाई का शव फंदे से लटकता देख उसके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतरवाया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। कमरे में बेड के नीचे शराब की बोतल और आधा गिलास शराब भी रखा मिला। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनकर गांव से पहुंचे माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। छह माह पहले हॉस्टल में रहने आया था यश
कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के सहाबापुर राजपुर गांव निवासी संदीप कटियार किसान हैं। उनका इकलौता बेटा यश कटियार (19) एचबीटीयू में केमिकल ट्रेड से बीटेक तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। परिवार में मां संगीता गृहिणी हैं। यश पढ़ाई के सिलसिले में कानपुर में रह रहा था। करीब छह माह पहले ही उसने काकादेव की पुरानी बस्ती स्थित अभिषेक सिंह चंदेल के चंदेल बॉयज हॉस्टल में किराये पर कमरा लिया था। वह हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर अकेले रहता था। दोपहर से कर रहे थे फोन, शाम को कमरे पर पहुंचे चचेरे भाई
बर्रा निवासी चचेरे भाई शोभित कटियार ने बताया कि शनिवार दोपहर से वह लगातार यश को फोन कर रहे थे। कई बार कॉल करने के बावजूद उसने फोन नहीं उठाया। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद वह शाम को सीधे हॉस्टल पहुंच गए। वहां यश के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उन्होंने काफी देर तक आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों को जानकारी दी। खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर झांका तो यश का शव फंदे से लटकता दिखाई दिया। यह देखकर शोभित की चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग और हॉस्टल के अन्य छात्र मौके पर पहुंच गए। इसके बाद शोभित ने डायल-112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी।
बेड के नीचे मिली शराब की बोतल और आधा गिलास
सूचना मिलते ही काकादेव पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई और शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने कमरे की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को कमरे में बेड के नीचे शराब की एक बोतल और आधा गिलास शराब रखा मिला। पुलिस ने कमरे में मौजूद अन्य सामान की भी जांच की। हालांकि, छात्र ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इकलौते बेटे का शव देख बेसुध हुई मां
यश की मौत की खबर मिलते ही गांव से उसके माता-पिता और चाची अर्चना हॉस्टल पहुंचीं। कमरे में इकलौते बेटे का शव देखकर मां संगीता और पिता संदीप बदहवास हो गए। मां बेटे के शव से लिपटकर बिलखने लगीं। पिता भी खुद को संभाल नहीं सके। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर हॉस्टल में मौजूद छात्र और आसपास के लोग भी भावुक हो गए। किसान परिवार को अपने इकलौते बेटे की मौत से गहरा सदमा लगा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह होगी स्पष्ट
काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कमरे से मिले सामान और घटनास्थल की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)