दहेज के लिए कर दी पत्नी की हत्या, हुई सजा:आगरा कोर्ट ने दी 10 साल की कारावास, जुर्माना भी लगाया
आगरा में दहेज के लिए पत्नी की हत्या करने के मामले में अदालत ने पति को 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने आरोपी पर 40 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। एडीजे-1 की अदालत ने 5 साल पुराने मामले में यह फैसला सुनाया। मामला 25 अक्टूबर 2021 का है। पिड़ौरा थाना क्षेत्र के डाक बंगला निवासी लटूरी लाल ने अपनी बेटी की शादी राजकुमार के बेटे अनमोल उर्फ भोला से की थी। आरोप था कि ससुराल के लोग दहेज को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करते थे। 25 अक्टूबर 2021 को विवाहिता की हत्या कर दी गई। इस मामले में पिता की तहरीर पर पिड़ौरा थाने में पति अनमोल उर्फ भोला, ससुर राजकुमार और सास राजकुमारी के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच की। जांच के दौरान पति अनमोल उर्फ भोला को गिरफ्तार कर 8 नवंबर 2021 को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पंचायतनामा और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 12 नवंबर 2021 को आरोपी के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने गवाहों के बयान और पेश किए गए साक्ष्यों के आधार पर पति अनमोल उर्फ भोला को दोषी पाया। वहीं, सास राजकुमारी और ससुर राजकुमार को दोषमुक्त कर दिया। एडीजे-1 आगरा की अदालत ने 27 नवंबर 2026 को आरोपी अनमोल उर्फ भोला को 10 साल के कठोर कारावास और 40 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)