प्रयागराज में कैफे के बाहर उपद्रव:2 गुटों ने एक-दूसरे को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, लात-घूंसों संग लाठी और ईंट-पत्थर भी चले
प्रयागराज के सिविल लाइंस में एक कैफे के बाहर शनिवार देर रात जमकर उपद्रव हुआ। यहां दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और उनके बीच जमकर मारपीट होने लगी। सड़क पर एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। लात-घूंसे चलने के साथ ही लाठी और ईंट-पत्थर से भी हमला किया गया। अचानक हुई मारपीट से इलाके में अफरातफरी मच गई। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं। परिवार के साथ कैफे में खाना खाने पहुंचा था एक पक्ष घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में ओल्ड कैफे के पास की है। जानकारी के मुताबिक, एक पक्ष के लोग परिवार के साथ वहां स्थित रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी की थी। इसी दौरान वहां कुछ लोग खड़े होकर शराब पी रहे थे। आरोप है कि इन लोगों ने कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। एक युवक को घेरकर पीटा, कार का पिछला शीशा भी टूटा सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग एक युवक को घेरकर लगातार पीटते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान उसे दौड़ाकर भी मारा गया। मारपीट के दौरान कार का पिछला शीशा भी टूट गया। घटना से जुड़े एक अन्य वीडियो में एक व्यक्ति यादव-यादव चिल्लाता हुआ सुनाई दे रहा है। सड़क पर काफी देर तक चले इस हंगामे के दौरान आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल रहा। पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंची मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इसके बाद दूसरा पक्ष भी थाने पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद को लेकर पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)