आशियाना जैन मंदिर में ज्ञान कल्याणक:पंचकल्याणक महोत्सव में हुआ पिच्छिका परिवर्तन कार्यक्रम, कवि सम्मेलन में झूमे श्रोता
लखनऊ में आशियाना दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित श्री आदिनाथ चौबीसी मानस्तंभ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत रविवार, 15 नवंबर 2026 को पूज्य उपाध्याय श्री 108 विहसंत सागर जी महाराज के सान्निध्य में ज्ञान कल्याणक मनाया गया। इस अवसर पर सुबह सात बजे भगवान का अभिषेक, पूजन और शांति हवन किया गया। इसके बाद ज्ञान कल्याणक से जुड़ी धार्मिक क्रियाएं प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल सभी पात्रों ने विधि-विधान से संपन्न कीं। दोपहर तीन बजे संयम और त्याग के प्रतीक मुनि परंपरा के तहत पिच्छिका परिवर्तन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें मंदिर समिति की ओर से पूज्य उपाध्याय श्री को नवीन पिच्छिका प्रदान की गई। महोत्सव में कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। कवयित्री अनामिका जैन अंबर ने अपनी कविताओं से श्रोताओं की सराहना बटोरी। उन्होंने कहा— “संयम, दया, तप, त्याग और ईमान रहता है, वहीं जाकर के तीनों लोक का भगवान रहता है। अगर तूने निकाला है किसी के पांव का कांटा, तो निश्चित ही तेरे दिल में कोई भगवान रहता है।” उनकी पंक्तियों पर श्रोताओं ने तालियां बजाकर सराहना की। कवि सम्मेलन का संचालन हास्य कवि सौरभ सुमन ने किया। कार्यक्रम में भोजपुरी कवि विख्यात मिश्रा, कवयित्री अंकिता शुक्ला और हास्य कवि उत्कर्ष उत्तम ने भी प्रस्तुतियां दीं। कवियों ने भोजपुरी, श्रृंगार और हास्य रस की रचनाएं सुनाईं। सोमवार को होगा मोक्ष कल्याणक मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ जैन ने बताया कि सोमवार, 16 नवंबर को पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतिम दिन मोक्ष कल्याणक मनाया जाएगा। इस दौरान भगवान आदिनाथ के मोह-माया का त्याग कर मोक्ष प्राप्त करने की कथा का धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मंचन किया जाएगा। इसके साथ ही पाषाण से परमात्मा बनने की आध्यात्मिक यात्रा का समापन होगा। उन्होंने बताया कि समापन दिवस पर पूज्य उपाध्याय श्री 108 विहसंत सागर जी महाराज दोपहर 3:15 बजे झारखंड स्थित तीर्थस्थल श्री सम्मेद शिखरजी की ओर मंगल पद विहार करेंगे। इसके मुख्य संयोजक राजेश जैन और संजीव जैन (बच्चू चौक वाले) रहेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)