अचल सरोवर पर 13 नवंबर को होगा दीपोत्सव:अलीगढ़ में पहली बार होगा ड्रोन शो, शिव तांडव, राम आरती और लेजर शो के साथ आतिशबाजी बनेगी आकर्षण
अचल सरोवर 13 नवंबर को दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। नगर निगम की ओर से यहां दीपोत्सव-2026 ‘एक दीप स्वच्छता के नाम’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। पहली बार ड्रोन शो के जरिए आसमान में आकर्षक दृश्य उकेरे जाएंगे। शिव तांडव, गणेश वंदना, राम आरती, रामायण, वंदेमातरम और देशभक्ति गीतों पर लेजर बीम शो के साथ आतिशबाजी भी होगी। कार्यक्रम शाम 6 बजे से शुरू होगा और इसमें नागरिक निशुल्क शामिल हो सकेंगे।
महापौर प्रशांत सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा की पहल पर आयोजित दीपोत्सव में धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा। अचल सरोवर स्थित महा आस्था परिसर, पश्चिमी घाट, शिव मंदिर परिसर, वाल्मीकि घाट और सीताराम घाट समेत विभिन्न स्थानों पर दीप जलाए जाएंगे। इससे पूरा परिसर दीपों की रोशनी से जगमगाएगा।
ड्रोन और लेजर शो होगा खास आकर्षण
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि इस बार दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए पहली बार ड्रोन शो के साथ लेजर और लेजर बीम शो आयोजित किया जाएगा। शिव मंदिर के पास सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। शिव तांडव, गणेश वंदना, राम आरती, रामायण, वंदेमातरम और ‘जय हो’ समेत देशभक्ति गीतों पर आधारित प्रस्तुतियां कार्यक्रम को खास बनाएंगी। आतिशबाजी भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगी।
स्वच्छता का संदेश देंगे जलते दीप
नगर निगम का उद्देश्य दीपोत्सव के जरिए नागरिकों को शहर स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करना है। लोगों से सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों और जलाशयों में कूड़ा न फैलाने तथा कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने की अपील की जाएगी। नगर आयुक्त ने कहा कि यह आयोजन केवल दीप जलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता और जनभागीदारी की संस्कृति को मजबूत करने का माध्यम भी है।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और दीप प्रज्ज्वलन के लिए नगर निगम ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जोनल अधिकारियों और प्रवर्तन दलों की आठ टीमें गठित की हैं। प्रत्येक टीम को निर्धारित स्थानों पर दीप जलाने और व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई है।
महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि अचल सरोवर शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। दीपोत्सव के माध्यम से परंपराओं को सहेजने के साथ स्वच्छता के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने और अचल सरोवर की स्वच्छता व गरिमा बनाए रखने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)