अलीगढ़ में फर्जी जमानत का खेल, FIR:थानेदार और दरोगा के फर्जी हस्ताक्षर-मोहर लगाकर करा ली जमानत, जेल से भी छूट गया आरोपी
जेल से बाहर आने के लिए अपराधियों ने ऐसा खेल रचा कि पुलिस और थाने की पूरी व्यवस्था के नाम पर ही फर्जीवाड़ा कर दिया। कोतवाली के लूट के मुकदमे में जेल में बंद आरोपी ने कथित तौर पर थानेदार और दरोगा के फर्जी हस्ताक्षर किए। थाने की नकली मोहर और फर्जी जमानत सत्यापन रिपोर्ट तैयार कराई। इसके बाद दस्तावेज सीधे अदालत में दाखिल कर दिए। कोर्ट से जमानत मिली और आरोपी जेल से बाहर भी आ गया। मामला सामने आने पर गांधीपार्क थाने में तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। कोर्ट में पहुंची फर्जी रिपोर्ट, पुलिस ने खड़े किए हाथ मामला कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 233/26 से जुड़ा है। इसमें बीएनएस की धारा 310(2), 311, 317(3) और 61(2) के तहत मिंटू पुत्र सत्यवीर निवासी नगला पला, खजान हलवाई गली, भदेशी रोड, सासनीगेट आरोपी है। FIR के मुताबिक, मिंटू ने जमानत कराने के लिए गांधीपार्क क्षेत्र के दो लोगों को जमानतदार बनाया। आरोप है कि इनके साथ मिलकर गांधीपार्क थाने की फर्जी सत्यापन रिपोर्ट तैयार कराई गई। थानेदार-दरोगा के हस्ताक्षर तक कर दिए कॉपी फर्जीवाड़े में दरोगा रोहित वर्मा और थाना प्रभारी के हस्ताक्षर इस्तेमाल किए गए। इतना ही नहीं, थाने की मोहर और थाना प्रभारी की फर्जी मोहर भी बनाई गई। रिपोर्ट पर फर्जी अग्रसारित मोहर लगाकर उसे अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-1 में दाखिल कर दिया गया। इसी दस्तावेज के आधार पर मिंटू ने जमानत हासिल कर ली और जेल से रिहा हो गया। पुलिसकर्मी को नहीं मिली थी सत्यापन की कोई रिपोर्ट दरोगा रोहित वर्मा की तहरीर के मुताबिक, कोर्ट पैरोकार से जानकारी मिलने के बाद पूरे मामले की पड़ताल की गई। दरोगा का कहना है कि मिंटू की जमानत तस्दीक के लिए उन्हें कोई प्रपत्र मिला ही नहीं था। न ही उन्होंने जमानत सत्यापन की कोई रिपोर्ट तैयार कर न्यायालय भेजी थी। थाने में इस्तेमाल होने वाली असली मोहर और कथित फर्जी दस्तावेजों पर लगी मोहर में भी अंतर मिला। तीन नामजद, एक अज्ञात पर मुकदमा पुलिस ने मिंटू के साथ जमानतदार बने अनेक सिंह पुत्र राम सिंह निवासी डोरीनगर और जितेंद्र कुमार पुत्र रामवीर सिंह निवासी 3300 बी, डोरीनगर छावनी को नामजद किया है। तहरीर में दोनों को पेशेवर जमानतदार बताया गया है। इनके अलावा एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है। गांधीपार्क थाने में मंगलवार मध्य रात्रि को मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा को सौंपी गई है। सीओ द्वितीय धनंजय के अनुसार अब जांच के आधार पर अन्य सभी पहलू सामने लाए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)