अपहरण की शिकायत पर युवती एसपी ऑफिस पहुंची:बोली- मेरा अपहरण नहीं हुआ, अपनी मर्जी से रह रही हूं
कानपुर देहात में रेप के आरोप से शुरू हुआ विवाद अब अपहरण के मुकदमे तक पहुंच गया है। लेकिन इस मामले में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे उस वक्त नया मोड़ आ गया, जब अपहरण की शिकायत करने वाले पिता की बेटी खुद एसपी कार्यालय पहुंच गई। युवती ने साफ कहा कि उसका कोई अपहरण नहीं हुआ है, बल्कि वह अपनी मर्जी से अकबरपुर कस्बे में किराए का कमरा लेकर रह रही है। युवती ने अपने ही माता-पिता पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उसने अधिवक्ता आशीष शुक्ला के खिलाफ रेप की एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन उसके माता-पिता इस कार्रवाई के खिलाफ थे। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई युवती का आरोप है कि परिवार चाहता था कि वह मामले में आवाज न उठाए। उसने आशंका जताई कि उसके माता-पिता ने पैसे लेकर ग्राम प्रधान दिलीप शंकर दिवाकर को अपहरण के मामले में फंसाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। दरअसल, युवती के पिता की तहरीर पर 24 अक्टूबर को बरौर थाने में ग्राम प्रधान के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ था। पिता ने आरोप लगाया था कि 18 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे ग्राम प्रधान उनकी बेटी को जबरन घर से उठा ले गया और विरोध करने पर धमकी दी। पुलिस से मांग रही न्याय वहीं, युवती का कहना है कि रेप के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपी अधिवक्ता की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उसने आरोपी पर पीछा करने का आरोप लगाते हुए अपनी जान को खतरा बताया और पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। युवती के मुताबिक, वह डीआईजी से भी न्याय की गुहार लगा चुकी है। अब एक ही मामले में रेप का आरोप, अपहरण का मुकदमा और परिवार के खिलाफ युवती के बयान ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना प्रभारी बरौर सोमवार सिंह ने बताया शिकायत के आधार प्राथमिकी दर्ज की थी। अगर युवती इसको गलत बता रही है तो उसके बयान के आधार पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)