अयोध्या से जनकपुर धाम तक दौड़ेगी ट्रेन:गोरखपुर समेत 7 शहरों से होकर गुजरेगी रेलगाड़ी

Nov 14, 2026 - 16:26
0
अयोध्या से जनकपुर धाम तक दौड़ेगी ट्रेन:गोरखपुर समेत 7 शहरों से होकर गुजरेगी रेलगाड़ी
अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने की उम्मीद एक बार फिर बढ़ गई है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की 22 नवंबर को प्रस्तावित भारत यात्रा के बीच भारत-नेपाल के बीच रामायण सर्किट योजना को गति मिलने के संकेत हैं। योजना के तहत अयोध्या से जनकपुर तक गोरखपुर के रास्ते ट्रेन चलाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए नेपाल सरकार ने अपने रेलखंड की व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली हैं और इसकी जानकारी भारत सरकार को भी दे दी है। लंबे समय से प्रस्तावित इस रेल सेवा को शुरू करने के लिए जयनगर-जनकपुर-कुर्था रेलखंड पर निरीक्षण और स्पीड ट्रायल किया जा रहा है। हाल ही में भारत और नेपाल के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने जयनगर से जनकपुर और कुर्था तक रेलखंड का जायजा लिया। इस दौरान विभिन्न स्टेशनों पर स्टेशन अधीक्षकों और ऑपरेटिंग कर्मचारियों से ट्रेन संचालन की तैयारियों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम, पैनल रूम, सिग्नल सिस्टम, ट्रैक चेंज और ट्रेन परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच की। यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के इंतजाम भी देखे गए। तकनीकी कमियों और परिचालन संबंधी जरूरतों पर दोनों देशों के अधिकारियों ने चर्चा की। सुरक्षा एजेंसियों ने भी रेलखंड की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया है। हालांकि, ट्रेन संचालन को लेकर दोनों देशों के बीच अंतिम सहमति और कुछ औपचारिकताएं अभी पूरी होनी बाकी हैं। गोरखपुर, रक्सौल और सीतामढ़ी होकर पहुंचेगी ट्रेन अयोध्या से जनकपुर के बीच प्रस्तावित ट्रेन का खाका उत्तर रेलवे ने तैयार किया है। इसके तहत 03219/03220 नंबर की साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना है। ट्रेन अयोध्या कैंट से चलकर गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा और जयनगर होते हुए नेपाल के जनकपुर धाम तक पहुंचेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से अयोध्या में भगवान श्रीराम और जनकपुर में माता जानकी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को सीधी रेल यात्रा की सुविधा मिल सकेगी। अभी यात्रियों को इन धार्मिक स्थलों के बीच आवागमन के लिए सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ता है। नई रेल सेवा से दोनों देशों के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ सांस्कृतिक रिश्ते भी मजबूत होंगे। पहले साप्ताहिक स्पेशल के रूप में चलाने की तैयारी उत्तर रेलवे के प्रस्ताव के अनुसार जनकपुर से ट्रेन शनिवार दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर रविवार सुबह 4 बजे अयोध्या पहुंचेगी। वहीं, अयोध्या से ट्रेन शाम 5 बजे चलकर मंगलवार सुबह 8 बजे जनकपुर पहुंचेगी। हालांकि, अभी इसका टाइम टेबल अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है। परिचालन और समय-सारिणी को लेकर मंथन जारी है। शुरुआत में ट्रेन को साप्ताहिक स्पेशल के रूप में चलाने और बाद में नियमित करने की योजना है। गोरखपुर से सीतामढ़ी तक रेल नेटवर्क होगा मजबूत इस रेल सेवा के साथ ही गोरखपुर से बिहार होते हुए नेपाल की सीमा तक रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में भी काम चल रहा है। रेल मंत्रालय ने नरकटियागंज-रक्सौल-सीतामढ़ी-दरभंगा और सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर रेलखंड के दोहरीकरण को मंजूरी दी है। करीब 256 किलोमीटर रेल लाइन के दोहरीकरण पर 4,553 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना से रेल परिचालन क्षमता बढ़ने के साथ रोजगार के अवसर पैदा होने और कार्बन उत्सर्जन में कमी आने की उम्मीद है। वहीं, गोरखपुर से वाल्मीकिनगर तक रेल लाइन के दोहरीकरण का काम भी तेजी से चल रहा है। इससे भविष्य में गोरखपुर से बिहार और नेपाल की ओर जाने वाली ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम हो सकेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User