बाइक सवार को कार ने मारी टक्कर, घायल:कन्नौज में दूध लेने पूर्वी बायपास की ओर जा रहा था, ड्राइवर फरार

Nov 24, 2026 - 13:52
0
बाइक सवार को कार ने मारी टक्कर, घायल:कन्नौज में दूध लेने पूर्वी बायपास की ओर जा रहा था, ड्राइवर फरार
कन्नौज शहर कर सरायमीरा में जीटी रोड पर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एक कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में युवक बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल भिजवाया, जहां हालत गम्भीर होने पर उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। जबकि क्षतिग्रस्त कार लेकर ड्राइवर भाग निकला। ये घटना सरायमीरा चौकी क्षेत्र के पूर्वी बाईपास स्थित अर्शी हॉस्पिटल के सामने की है। यहां ठेकेदार गली निवासी शिवा गुप्ता (35) पुत्र कल्लू बाइक पर सवार होकर दूध लेने बाईपास की ओर जा रहा था, तभी सामने से तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार आ गई। कार ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। जिससे शिवा गुप्ता बुरी तरह घायल हो गया। उसकी बाइक और कार क्षतिग्रस्त हो गई। एक्सीडेंट देखकर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। उधर मौका पाते ही कार लेकर ड्राइवर भाग निकला। जबकि स्थानीय लोगों ने घायल युवक को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही युवक के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। जहां डॉक्टरों ने युवक को गम्भीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया। बताया गया कि युवक सरायमीरा में रेलवे रोड से लेकर जिला पंचायत के बीच सीजन के हिसाब से दुकान लगाता है। कभी जूस तो कभी सजावटी सामान और मूर्तियां बेचने का काम करता है। हादसे में उसका मोबाइल भी टूट गया। फुटपाथ पर अतिक्रमण से होते हादसे सरायमीरा में जीटी रोड के दोनों साइड दुकानदारों ने भयंकर अतिक्रमण कर रखा। फुटपाथ पर बिल्डिंग मैटीरियल बेचने वालों में गिट्टी-मौरंग के ढेर लगा रखे, जबकि कार रिपेयरिंग करने वाले दुकानदार मरम्मत के लिए आने वाली कारों को भी सड़क किनारे खड़ी कर के छोड़ देते हैं। जिस कारण फुटपाथ पर दुकानदारों का कब्जा हो चुका। इससे आए दिन शहर में हादसे होते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User