बालू कारोबारी ने प्रताड़ना से तंग आकर जान दी:पत्नी बाेली, बिजनेस पार्टनर करोड़ों के लेनदेन को लेकर बना रहे थे दबाव
प्रयागराज के जॉर्जटाउन में बालू कारोबारी पंकज कुमार त्रिपाठी (39) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला उलझता जा रहा है। एक तरफ पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की बात सामने आई है, तो दूसरी तरफ पत्नी ने सात-आठ लोगों पर लेनदेन को लेकर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर इन लोगों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है। मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि तैराकी के शौकीन और अच्छी तरह तैरना जानने वाले पंकज आखिर नदी में कैसे डूब गए? परिजन उनकी मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध मानते हुए पूरे मामले की जांच की मांग कर रहे हैं। बुधवार रात 12 बजे से थे लापता
जॉर्जटाउन थाना क्षेत्र के माली चौराहा निवासी शशि कुमार त्रिपाठी के बेटे पंकज बालू का कारोबार करते थे। परिवार में पत्नी तनु के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। चाचा भास्कर त्रिपाठी के मुताबिक, पंकज बुधवार रात करीब 12 बजे घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला तो अगले दिन परिजनों ने जॉर्जटाउन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। शुक्रवार शाम करीब छह बजे पुलिस ने परिजनों को पंकज का शव मिलने की सूचना दी। नए यमुना पुल के पास नदी में शव उतराता मिला था। जल पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। बाद में कीडगंज पुलिस ने उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। तहरीर में सात-आठ लोगों के नाम पंकज की मौत के बाद पत्नी तनु त्रिपाठी ने जॉर्जटाउन थाने में तहरीर दी है। इसमें सात-आठ लोगों पर लेनदेन को लेकर दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। पत्नी ने तहरीर में संबंधित लोगों के नाम भी दिए हैं। पुलिस ने इन लोगों से पूछताछ की है। अब पुलिस लेनदेन के विवाद और पंकज की मौत के बीच किसी संभावित संबंध की जांच कर रही है। तैरना जानते थे, फिर नदी में कैसे डूबे? शनिवार को पिता शशि कुमार त्रिपाठी, चाचा भास्कर त्रिपाठी, फूफा और परिवार के अन्य सदस्य पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। अपनों का शव देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। चाचा भास्कर त्रिपाठी ने बताया कि पंकज को तैराकी का शौक था और वह अच्छी तरह तैरना जानते थे। ऐसे में उनका नदी में डूब जाना परिवार के लिए कई सवाल खड़े कर रहा है। जॉर्जटाउन थाना प्रभारी रुकुमपाल सिंह ने बताया कि पंकज की पत्नी की ओर से तहरीर मिली है। इसमें लेनदेन को लेकर कुछ लोगों पर दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)