छीने मोबाइलों के मदरबोर्ड निकालकर बेचने वाले 4 अरेस्ट:इज्जतनगर पुलिस ने दो मामलों में कार्रवाई की, एक बाल अपचारी को पकड़ा; 10 फोन बरामद
बरेली में राहगीरों से मोबाइल छीनने के बाद उनके मदरबोर्ड निकालकर बेचने वाले चार आरोपियों को इज्जतनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी संरक्षण में लिया। आरोपियों के पास से छिनैती के 10 मोबाइल फोन, 8,700 रुपए और वारदात में इस्तेमाल दो बाइक मिली हैं।
पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर को रिठौरा रोड पर कलापुर की पुलिया के पास चेकिंग चल रही थी। बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। बाइक मोड़ते समय दोनों गिर गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। उनकी पहचान बारादरी के जगतपुर गोटिया निवासी नाजिम और एक बाल अपचारी के रूप में हुई। तलाशी में पांच स्मार्टफोन और 2,420 रुपए मिले।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह में मिनी बाईपास स्थित हरिचरन चिल्ड्रन हॉस्पिटल, जंक्शन स्टेशन रोड और भीम चौराहे से राहगीरों के मोबाइल छीने थे।
इसके बाद पुलिस नाजिम को साथ लेकर बड़ी बिहार में कब्रिस्तान के पास पहुंची। 7 नवंबर की रात करीब 12:45 बजे पुलिस ने वहां से मोहम्मद नूर, मोहम्मद सलमान और अभिषेक राठौर को गिरफ्तार किया। उनके पास से पांच स्मार्टफोन और 5,780 रुपए मिले।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद नूर की मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। अभिषेक छीने गए मोबाइल उसके पास पहुंचाता था। नूर मोबाइलों के मदरबोर्ड निकालकर सलमान को बेचता था। सलमान इन्हें कबाड़ी को बेच देता था। पूछताछ में पहले छीने गए मोबाइलों के मदरबोर्ड भी इसी तरह बेचने की बात सामने आई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामलों में बरामदगी और चोरी का माल बेचने से जुड़ी धाराएं बढ़ाई हैं। मोबाइलों के संबंध में इज्जतनगर, सुभाषनगर, बारादरी, प्रेमनगर और बिथरी चैनपुर थानों में दर्ज छिनैती के मामलों की जानकारी मिली है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)