पत्नी मृत बताकर ट्रेनर ने युवती से कोर्ट मैरिज की:फिर सात लाख हड़पे, पहली पत्नी जिंदा निकली, कमला नगर थाने में मुकदमा
आगरा कमला नगर के एक जिम प्रशिक्षक ने युवती को अपने प्रेमजाल में फंसा कर शारीरिक शोषण किया। अपनी पत्नी को मृत बता युवती से कोर्ट मैरिज कर ली। शादी की पार्टी और खरीदारी के नाम पर युवती से सात लाख रुपये हड़प लिए। ससुराल वालों ने दहेज के लिए युवती का उत्पीड़न किया। पहली पत्नी के जीवित होने का पता चलने पर पीड़िता ने विरोध किया तो उसे मारपीट करके घर से निकाल दिया। पीड़िता ने कमला नगर थाने में जिम प्रशिक्षक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने पुलिस को बताया कि मई 2022 में वह कमला नगर स्थित फिटनेस फाइव जिम में जाती थी। वहां उसकी मुलाकात दिल्ली के सुभाष नगर निवासी जिम प्रशिक्षक सागर हरजाई से हुई। प्रशिक्षण के दौरान सागर ने उससे मित्रता कर ली। सागर ने बताया कि उसकी पत्नी की वर्ष 2020 में मौत हो चुकी है। वह अब उससे प्यार करता है। सागर की बात पर युवती ने विश्वास कर लिया। युवती का आरोप है कि सागर वर्ष 2024 में उसे कमला नगर स्थित एक फ्लैट पर लेकर गया। वहां उसने शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर कहने लगा कि वह उससे शादी करेगा। जुलाई 2025 में उसके पिता रिश्ते की बात करने उसके घर आएंगे। युवती के मुताबिक सागर ने पांच फरवरी 2026 को उससे दिल्ली में कोर्ट मैरिज कर ली। फरवरी में ही आगरा में शादी का पंजीकरण कराया। दिल्ली में शादी की पार्टी भी आयोजित की। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। उस पर शराब पीने का दबाव बनाया जाता था। इसी बीच उसे पता चला कि सागर की पहली पत्नी जीवित है। दोनों का तलाक भी नहीं हुआ है। आरोप है कि शादी की तैयारी के लिए सागर ने उससे सात लाख रुपये लिए थे। युवती के होश तब उड़े, जब कमला नगर की एक युवती ने सागर के साथ मंदिर में अपनी शादी के फोटो भेजे। सागर से पूछताछ करने पर उसने मारपीट करके उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता का आरोप है कि सागर अब दूसरी महिला के साथ रह रहा है।एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)