मेरठ में एमडीए में किसानों ने जलाए दीप:लोहियानगर, गंगानगर और वेदव्यासपुरी योजना के किसानों ने धरनास्थल पर मनाई छोटी दिवाली
एमडीए में लोहियानगर, गंगानगर और वेदव्यासपुरी योजना के किसानों का धरना लगातार छठे दिन भी जारी रहा। छोटी दिवाली के मौके पर बुधवार को महिला किसानों और तीनों योजनाओं के किसानों ने धरनास्थल पर ही त्योहार मनाया। किसानों ने दीप जलाए और एक-दूसरे को छोटी दिवाली की शुभकामनाएं दीं। त्योहार के बीच भी किसान अपनी मांगों को लेकर धरने पर डटे रहे। किसानों से बातचीत करने के लिए एडीएम सिटी और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी धरनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से वार्ता कर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। वार्ता विफल रहने के बाद किसानों ने धरना जारी रखने का ऐलान किया। बोले- एमडीए में ही मनाएंगे दीपावली किसानों का कहना है कि जब तक उनका रुका हुआ प्रतिकर और प्लॉट नहीं मिल जाते, तब तक धरना समाप्त नहीं होगा। किसानों ने कहा कि लंबे समय से वे अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं निकल पाया है। इस बार वे दीपावली भी एमडीए परिसर में ही मनाएंगे। महिला किसानों ने भी आंदोलन में भागीदारी निभाई। किसानों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। धरने में जसवीर प्रधान, गौरव गुर्जर (काजीपुर), धर्मपाल भड़ाना, कृपाल सिंह, विनोद पुट्ठा, धर्मवीर सिंह, सतेंद्र बैंसला, सतीश शर्मा, चमन पाल, सत्येंद्र सिंह, जयवीर, हाजी आमिर चौधरी, मुन्नी बैंसला, रॉबिन चौधरी, शिमला देवी, कमलेश देवी और बाला देवी सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)