बाराबंकी में स्कूटी सवार शिक्षक से मारपीट:पीड़ित का आरोप- कुर्ता-पायजामा, दाढ़ी की वजह से पीटा, स्कूटी पर ईंटें मारीं

Nov 21, 2026 - 18:21
0
बाराबंकी में स्कूटी सवार शिक्षक से मारपीट:पीड़ित का आरोप- कुर्ता-पायजामा, दाढ़ी की वजह से पीटा, स्कूटी पर ईंटें मारीं
बाराबंकी के नगर कोतवाली इलाके में कमरियाबाग के पास शनिवार शाम 4 बजे एक व्यक्ति के साथ मारपीट हुई। पीड़ित मोहम्मद अफजाल का आरोप है कि कुर्ता-पायजामा पहनने और दाढ़ी रखने की वजह से उन्हें निशाना बनाया गया। उन्होंने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को बुलाया। अफजाल ने बताया कि वह स्कूटी से सड़क पर जा रहे थे। मेन रोड से मुड़ते समय वहां खड़े एक व्यक्ति ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उनकी स्कूटी में लात मारी। इससे वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर गए। आरोप है कि इसके बाद हमलावर ने ईंट से स्कूटी और अफजाल पर वार किया। उसने उनकी दाढ़ी नोची और लाठी से मारने की कोशिश की। अफजाल वहां से भागकर कुछ दूर रुके और फिर 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। अफजाल का कहना है कि वह हमलावर को पहले से नहीं जानते। उनका उससे कोई विवाद या लेन-देन भी नहीं है। मौके पर मौजूद लोगों ने हमलावर का नाम बब्लू ठाकुर बताया। अफजाल प्राइवेट शिक्षक हैं और अरबी व उर्दू पढ़ाते हैं। वह कृष्णा नगर में रहते हैं। उनकी पत्नी अमीनुम साजिया ने आरोप लगाया कि उनके पति मुस्लिम हैं और पहनावे व दाढ़ी की वजह से उन्हें पीटा गया। उन्होंने बताया कि दंपती की कोई संतान नहीं है और अफजाल ही परिवार में अकेले कमाने वाले हैं। इस खबर में मोहम्मद अफजाल और उनकी पत्नी अमीनुम साजिया के बयान शामिल हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User