बच्चों से जेवर चोरी कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार:आईफोन और पैसे का लालच देकर बनाते थे निशाना, तीन घटनाओं मको दिया था अंजाम
फतेहपुर की सदर कोतवाली पुलिस ने नाबालिग बच्चों से घरों के जेवर चोरी कराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बच्चों को आईफोन, मोबाइल और पैसे का लालच देते थे। पूछताछ में तीन चोरी की घटनाओं में उनकी भूमिका सामने आई है। आईफोन और वीडियो गेम का देते थे लालच कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने शनिवार शाम 6 बजे बताया कि गिरोह के सदस्य 12 से 14 साल के बच्चों से सीधे या उनके सहपाठियों के जरिए संपर्क करते थे। वे बच्चों को होटल या रेस्टोरेंट में खाना खिलाने, आईफोन, वीडियो गेम, मोबाइल और दोगुना पैसा देने का लालच देते थे। पुलिस के मुताबिक, बच्चे घर के लॉकर या अलमारी से जेवर लाकर आरोपियों को देते थे। पहली बार जेवर लेते समय आरोपी उनका वीडियो बना लेते थे। बाद में वीडियो वायरल करने, मारपीट करने और पुलिस में फंसाने की धमकी देकर बच्चों पर और जेवर लाने का दबाव डालते थे। आरोप है कि बच्चों को लालच देकर जिन चीजों या पैसों का वादा किया जाता था, वे नहीं दिए जाते थे। जेवर भी वापस नहीं किए जाते थे। तीन घरों से जेवर चोरी कराने का आरोप पहली घटना में हरिहरगंज निवासी अनुज सिंह ने शिकायत की थी कि उनके 14 वर्षीय भतीजे को आईफोन और पैसों का लालच देकर घर के लॉकर से जेवर लाने को कहा गया। शिकायत के मुताबिक, 10 सोने की अंगूठियां, एक हीरे की अंगूठी, सोने का चॉकर, जंजीर, मंगलसूत्र, चूड़ियां और बच्चे की चांदी की करधनी चोरी हुई थी। दूसरी घटना में टीचर्स कॉलोनी निवासी उदय शंकर ने शिकायत दी कि उनके 13 वर्षीय बेटे को बहलाकर घर से अंगूठी, मंगलसूत्र और झुमके ले जाए गए। तीसरी घटना में मसवानी निवासी रोहित ने शिकायत दर्ज कराई कि करीब डेढ़ महीने पहले उनके घर से सोने की झुमकी, अंगूठियां, मंगलसूत्र, नथुनी, बेदी और चांदी के सिक्के गायब हो गए थे। पुलिस के मुताबिक, ये जेवर उनके 12 वर्षीय भांजे के जरिए इसी गिरोह ने निकलवाए थे। बाकरगंज और मसवानी के रहने वाले हैं आरोपी पुलिस ने रहमान खान (22) पुत्र कयूम खान निवासी मोहल्ला बाकरगंज और अरम (22) पुत्र इरशाद आलम निवासी मसवानी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)