बदलते मौसम और प्रदूषण से बढ़े दिल के मरीज:SN में 20% की बढ़ोतरी, दिवाली पर हार्ट पेशेंट रखें खास ध्यान

Nov 05, 2026 - 18:16
0
बदलते मौसम और प्रदूषण से बढ़े दिल के मरीज:SN में 20% की बढ़ोतरी, दिवाली पर हार्ट पेशेंट रखें खास ध्यान
आगरा में इन दिनों बढ़ते प्रदूषण और मौसम में बदलाव के कारण दिल के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। एसएन मेडिकल कॉलेज में हार्ट संबंधी शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों में करीब 15 से 20 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है। मरीज सीने में दर्द और सांस फूलने की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। दीपावली की सफाई के दौरान घरों में उड़ने वाली धूल, शहर में चल रहे निर्माण कार्य और बढ़ते प्रदूषण को इसकी प्रमुख वजह माना जा रहा है। वहीं दीपावली पर डायबिटीज के मरीजों को ज्यादा मिठाई खाने से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि ब्लड शुगर बढ़ने से दिल की बीमारियों और हार्ट अटैक का खतरा बढ़ सकता है। डॉक्टरों ने हार्ट के मरीजों को पटाखों के धुएं, तेज आवाज और तली-भुनी चीजों से दूर रहने की सलाह दी है। पहली बार सीने में दर्द की शिकायत लेकर भी पहुंच रहे मरीज एसएन मेडिकल कॉलेज के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुशील के अनुसार, इन दिनों हार्ट संबंधी शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में करीब 15 से 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। मरीजों में सीने में दर्द और सांस फूलने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। इनमें ऐसे मरीज भी शामिल हैं, जिन्हें पहले कभी सीने में दर्द की शिकायत नहीं हुई थी, लेकिन अब उन्हें अचानक यह परेशानी हो रही है। डॉ. सुशील ने बताया कि सांस फूलना भी कई बार दिल की बीमारी का संकेत हो सकता है। दिल की धमनियों में ब्लॉकेज होने पर हृदय की मांसपेशियों तक पर्याप्त खून और ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती। इससे दिल की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है। कुछ मामलों में दिल के ठीक से खून पंप नहीं कर पाने के कारण फेफड़ों में तरल जमा होने लगता है, जिससे सांस लेने में परेशानी होती है। अचानक सांस फूलना हार्ट अटैक का भी लक्षण हो सकता है। इसलिए सीने में दर्द और सांस फूलने की शिकायत को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। पटाखों के धुएं और तेज आवाज से बचें हार्ट के मरीज डॉ. सुशील ने बताया कि जिन लोगों को पहले से दिल की बीमारी है, उन्हें दीपावली के दौरान खास सावधानी बरतनी चाहिए। पटाखों से निकलने वाला धुआं और तेज आवाज उनके लिए परेशानी बढ़ा सकते हैं। ऐसे मरीज पटाखों से दूरी बनाकर रखें। प्रदूषण के बीच बाहर निकलने पर मास्क का इस्तेमाल करें और अपनी नियमित दवाएं समय पर लेते रहें। डायबिटीज के मरीज ज्यादा मिठाई खाने से बचें डॉक्टर ने डायबिटीज के मरीजों को दीपावली पर मिठाइयों का सेवन सीमित रखने की सलाह दी है। ज्यादा मिठाई खाने से ब्लड शुगर बढ़ सकती है। लंबे समय तक शुगर नियंत्रित नहीं रहने पर दिल की धमनियों को नुकसान पहुंच सकता है और हार्ट अटैक का जोखिम बढ़ सकता है। वहीं हार्ट के मरीजों को अधिक तेल और घी से बनी चीजों के साथ तली-भुनी चीजों से परहेज करना चाहिए। त्योहार के दौरान खानपान पर नियंत्रण रखना और नियमित दवाएं लेना जरूरी है। सीने में दर्द और सांस फूलने को न करें नजरअंदाज डॉक्टर ने सलाह दी कि अगर किसी को अचानक सीने में दर्द, सांस फूलने, ठंडा पसीना आने या बेचैनी की शिकायत हो तो इसे सामान्य परेशानी समझकर टालें नहीं। ऐसी स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचें। खासकर पहले से हार्ट और डायबिटीज की बीमारी से जूझ रहे मरीज अपनी सेहत को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User