कायाकल्प टीम ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया:रामपुर में ब्लड सेंटर, ऑपरेशन थिएटर और इमरजेंसी वार्ड की व्यवस्थाएं देखीं
रामपुर जिला चिकित्सालय में कायाकल्प अवार्ड योजना के तहत तीन सदस्यीय बाहरी मूल्यांकन टीम ने एक्सटर्नल असेसमेंट किया। गुरुवार सुबह 11 बजे अस्पताल पहुंची टीम ने कई विभागों का निरीक्षण कर मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। करीब 2 बजे सी एम एस समेत अन्य डाक्टरों से वार्तालाप की इसके अलावा उन्होंने इस दौरान ब्लड सेंटर, ऑपरेशन थिएटर और उसके पोषण पुनर्वास केंद्र की व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप मिलीं। मूल्यांकन टीम में संभल के डीपीएम संजीव राठौर, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर रविंद्र और साइकियाट्रिक सोशल वर्कर इलियास शामिल रहे। शुरुआत में टीम ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और विभिन्न विभागों के प्रभारियों के साथ बैठक कर मूल्यांकन के मानकों पर चर्चा की। इसके बाद ब्लड सेंटर, ऑपरेशन थिएटर, पोषण पुनर्वास केंद्र, इमरजेंसी वार्ड, पंजीकरण कक्ष, पैथोलॉजी, स्टोर और औषधि केंद्र का निरीक्षण किया। ब्लड सेंटर में व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप मिलीं। ऑपरेशन थिएटर में टीम ने ऑपरेशन से पहले की तैयारियों को लेकर स्टाफ से सवाल किए। संतोषजनक जवाब मिलने पर कर्मचारियों की सराहना की। पोषण पुनर्वास केंद्र की व्यवस्थाओं पर भी टीम ने संतुष्टि जताई। इमरजेंसी वार्ड में मरीजों की प्रारंभिक जांच, उनकी स्थिति का आकलन और तत्काल उपचार शुरू करने की प्रक्रिया देखी गई। साथ ही बायोमेडिकल वेस्ट का निस्तारण बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2016 के अनुसार किए जाने की जानकारी ली। पंजीकरण कक्ष में टीम को बताया गया कि अस्पताल में शत-प्रतिशत मरीजों के पर्चे आभा ऐप के माध्यम से ऑनलाइन बनाए जा रहे हैं। छह चिकित्सक ऑनलाइन ओपीडी के जरिए मरीजों को परामर्श दे रहे हैं। पैथोलॉजी में भी जांचों का पंजीकरण ऑनलाइन किया जा रहा है। स्टोर और औषधि केंद्र में दवाओं के व्यवस्थित रखरखाव की भी सराहना की गई। टीम ने कहा कि कायाकल्प योजना का उद्देश्य अस्पतालों में स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। मरीजों की अधिक संख्या के बावजूद साफ-सफाई बनाए रखना सराहनीय है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बीसी सक्सेना ने टीम का आभार जताया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में जल्द ही एनक्यूएएस का स्टेट असेसमेंट प्रस्तावित है, जिसकी तैयारियां की जा रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)