बेटे को जन्म देने के बाद महिला की मौत:शाहजहांपुर में परिजनों ने डॉक्टरों पर आरोप लगाकर 7 घंटे हंगामा किया, अस्पताल सील
शाहजहांपुर के मदनापुर कस्बे में शनिवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे बच्चे को जन्म देने के बाद 25 वर्षीय शीतल की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में सात घंटे तक हंगामा किया। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल सील कर दिया। डुकुरी कला गांव की शीतल को प्रसव पीड़ा होने पर 13 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे कटरा रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके पति अजय सिंह और बहन अर्चना उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अजय के मुताबिक, भर्ती के समय शीतल की हालत ठीक थी। परिजनों ने बताया कि भर्ती होने के करीब दो घंटे बाद सामान्य प्रसव से शीतल ने बेटे को जन्म दिया। नवजात सुरक्षित था और शीतल अस्पताल में ही भर्ती थीं। रात में बरेली से खून मंगवाकर उन्हें चढ़ाया गया। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। अजय सिंह और अर्चना का आरोप है कि हालत बिगड़ने पर अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ ने शीतल को दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए कहा। शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे अस्पताल में ही उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलने पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान अस्पताल में भर्ती कुछ अन्य मरीज, डॉक्टर और स्टाफ वहां से चले गए। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई और मामले की जांच की मांग की। अजय सिंह ने बताया कि उनकी शादी करीब आठ से दस साल पहले हुई थी। उनका तीन साल का बेटा शिवांश सिंह है। शीतल की यह दूसरी डिलीवरी थी। परिजनों ने शव का पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर शनिवार दोपहर मदनापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को काफी देर तक समझाया, जिसके बाद वे पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सूचना के बाद सीओ सदर शुभम वर्मा और स्वास्थ विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर परिवार को समझाया और टीम ने आसपास को सील कर दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)