भाई दूज पर शहर की सड़कों पर लगा जाम:लोहामंडी में चौराहे पर फंसे वाहन, नेशनल हाईवे पर भी लगा जाम
भाई दूज पर बुधवार को शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से कई इलाकों में जाम जैसे हालात बन गए। बहनें भाइयों को तिलक लगाने के लिए घरों से निकलीं तो बाजारों में भी भीड़ बढ़ गई। मिठाई की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ रही। इसका असर यातायात पर भी दिखाई दिया। लोहामंडी चौराहे पर हालात ऐसे रहे कि वाहनों के निकलने तक की जगह नहीं बची। यहां अवैध रूप से खड़े ऑटो और ऑटो चालकों के सवारी बैठाने के कारण जाम लगता रहा। सेंट जोंस से लोहामंडी आने वाले मार्ग पर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही। पंचकुइयां से लोहामंडी आने वाले मार्ग पर भी वाहन रेंगते नजर आए। रास्ते में जगह-जगह ऑटो चालकों के सवारी बैठाने के लिए रुकने से यातायात बाधित होता रहा। वहीं भगवान टॉकीज चौराहे, नेशनल हाईवे और एमजी रोड पर भी जगह-जगह जाम जैसे हालात बने रहे। त्योहार के चलते बाजारों और प्रमुख चौराहों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। कई मार्गों पर वाहन चालक काफी देर तक जाम में फंसे रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)