झांसी में खेत की रखवाली कर रहे किसान की मौत:सुबह पत्नी चाय-नाश्ता लेकर पहुंची तो बेजान पड़े मिले पति
झांसी के मोठ थाना क्षेत्र के छपार गांव में खेत की रखवाली करने गए किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह पत्नी चाय-नाश्ता लेकर खेत पर पहुंची तो पति फसल के बीच अचेत अवस्था में पड़े मिले। उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोठ ले जाया गया। यहां से गंभीर हालत में झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन मौत की वजह हार्ट अटैक मान रहे हैं। छपार गांव निवासी अमर सिंह कुशवाहा (53) के पास साढ़े चार बीघा खेती की जमीन है। इस पर उन्होंने धान की फसल बोई थी। उनके दो बेटे अजय और आनंद भी खेती में पिता का हाथ बंटाते हैं। बड़े बेटे अजय कुमार ने बताया कि गांव में अन्ना पशुओं की समस्या काफी ज्यादा है। पशुओं से फसल बचाने के लिए किसानों को दिन-रात खेतों पर पहरा देना पड़ता है। इसी वजह से उनके पिता भी रोजाना खेत पर रुकते थे। अजय के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 4 बजे उनके पिता अमर सिंह फसल की रखवाली करने खेत पर गए थे। बुधवार सुबह करीब 7 बजे उनकी मां रामकुमारी चाय-नाश्ता लेकर खेत पर पहुंचीं। वहां फसल के बीच पति को अचेत अवस्था में पड़ा देखकर वह घबरा गईं। उन्होंने आसपास के किसानों की मदद से दोनों बेटों को सूचना दी। इसके बाद परिजन अमर सिंह को लेकर मोठ सीएचसी पहुंचे। सीएचसी में डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन आशंका जता रहे हैं कि अमर सिंह की मौत हार्ट अटैक से हुई है। हालांकि, मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)