भाजपा को सता रही अपनों की नाराजगी:अलीगढ़ में सातों सीटों पर कब्जे के बावजूद चुनाव से पहले पुराने कार्यकर्ताओं को मनाने की कवायद शुरू

Nov 23, 2026 - 21:12
0
भाजपा को सता रही अपनों की नाराजगी:अलीगढ़ में सातों सीटों पर कब्जे के बावजूद चुनाव से पहले पुराने कार्यकर्ताओं को मनाने की कवायद शुरू
अलीगढ़ में विधानसभा की सातों सीटों पर भाजपा का कब्जा है, लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी संगठन के भीतर तैयारियां अभी से तेज हो गई हैं। सातों सीटें अपने पास बरकरार रखने की चुनौती के बीच पार्टी को अब अपने ही पुराने और अनुभवी कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता की चिंता सता रही है। कहीं टिकट न मिलने की कसक है तो कहीं संगठन में पद और जिम्मेदारी नहीं मिलने की नाराजगी। कहीं गुटबाजी से दूरी बनी है तो कहीं छोटे-छोटे काम नहीं होने से पुराने कार्यकर्ता घर बैठ गए हैं। पार्टी संगठन अब ऐसे ही कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने और उनकी नाराजगी दूर करने में जुट गया है। सात सीटें, लेकिन चुनौती सिर्फ विपक्ष से नहीं भाजपा के लिए अलीगढ़ राजनीतिक लिहाज से महत्वपूर्ण जिला है। यहां की सभी सात विधानसभा सीटों पर पार्टी के विधायक हैं। ऐसे में चुनावी तैयारी केवल विपक्ष की घेराबंदी तक सीमित नहीं है। पार्टी के सामने अपने संगठनात्मक आधार को भी सक्रिय बनाए रखने की चुनौती है। बताया जा रहा है कि पार्टी के आंतरिक आकलन और संगठन स्तर पर मिले फीडबैक में कुछ इलाकों में निष्क्रियता और स्थानीय स्तर पर नाराजगी के संकेत सामने आए हैं। इसमें कुछ मोहल्ले, वार्ड और क्षेत्र ऐसे हैं, जहां पुराने कार्यकर्ताओं की पहले जैसी सक्रियता नहीं दिख रही है। टिकट से लेकर पद तक की कसक, कई वजहों से घर बैठे कार्यकर्ता पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं की नाराजगी की वजहें भी अलग-अलग हैं। कुछ ऐसे हैं जिन्हें पहले संगठन में पद मिलने की उम्मीद थी, लेकिन जिम्मेदारी नहीं मिली। कुछ टिकट के दावेदार रहे और टिकट नहीं मिलने के बाद सक्रियता कम कर दी। कुछ कार्यकर्ता स्थानीय गुटबाजी से असहज हैं तो कुछ अपने छोटे-मोटे काम नहीं होने से संगठन से दूरी बना चुके हैं। ऐसे भी लोग हैं, जिन्होंने लंबे समय तक पार्टी के लिए काम किया, चुनावों में जिम्मेदारियां निभाईं और कार्यकर्ताओं को बूथ तक सक्रिय रखने में भूमिका निभाई, लेकिन अब खुद ही संगठन की गतिविधियों से दूर हैं। पुराने चेहरों की याद आई, चाय पर चर्चा से शुरू हुई मनुहार संगठन की नई कवायद में ऐसे ही पुराने चेहरों को दोबारा जोड़ने पर जोर है। पार्टी का मानना है कि पुराने कार्यकर्ता केवल सदस्य संख्या नहीं हैं, बल्कि उन्हें क्षेत्र, मतदाता और बूथ स्तर की गतिविधियों का अनुभव है। वे जानते हैं कि किस इलाके में किससे संपर्क करना है, किस कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देनी है और किन स्थानीय मुद्दों पर लोगों से बातचीत करनी है। इसलिए अब ऐसे लोगों से व्यक्तिगत संपर्क करने, चाय पर बैठकर बातचीत करने और उनकी नाराजगी की वजह समझने का सिलसिला शुरू किया गया है। सुरेंद्र नागर ने वरिष्ठों के साथ की थी बैठक इसी रणनीति के तहत करीब तीन-चार दिन पहले भाजपा के राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर अलीगढ़ पहुंचे थे। उन्होंने पार्टी के पुराने और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की थी। इसमें संगठन की सक्रियता बढ़ाने और निष्क्रिय हो चुके कार्यकर्ताओं को फिर से जोड़ने पर चर्चा हुई। बैठक का उद्देश्य ऐसे लोगों को संगठन की मुख्यधारा में वापस लाना था, जो पहले पार्टी के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं, लेकिन अब किसी न किसी वजह से पीछे हट गए हैं। ब्रज क्षेत्र संगठन मंत्री ने भी संभाली जिम्मेदारी इसी क्रम में सोमवार को ब्रज क्षेत्र के संगठन मंत्री अभय गिरी ने भी अलीगढ़ पहुंचकर पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। संगठन स्तर पर अब ऐसे कार्यकर्ताओं को स्थानीय जिम्मेदारियां सौंपने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। रणनीति यह है कि वरिष्ठ नेता और संगठन के जिम्मेदार पदाधिकारी व्यक्तिगत स्तर पर कार्यकर्ताओं से संपर्क करें। उनकी बात सुनें, नाराजगी की वजह जानें और जहां स्थानीय स्तर पर समाधान संभव हो, वहां उसे दूर कराएं। जरूरत पड़ने पर ऐसे मामलों को शीर्ष नेतृत्व तक भी पहुंचाया जाए। सिर्फ बैठक में बुलाना नहीं, जिम्मेदारी देकर जोड़ने की तैयारी संगठन की इस पहल में उन कार्यकर्ताओं पर खास ध्यान है, जो लंबे समय तक सक्रिय रहे हैं और चुनावी प्रबंधन की बारीकियों से परिचित हैं। पार्टी की कोशिश है कि ऐसे लोगों को केवल बैठकों में बुलाकर औपचारिकता पूरी न की जाए, बल्कि उन्हें मोहल्लों, वार्डों और बूथ स्तर पर फिर से जिम्मेदारियां दी जाएं। हाल के दिनों में संगठन की बैठकों और कार्यक्रमों में पुराने वरिष्ठ चेहरों को बुलाने की सक्रियता भी इसी कवायद का हिस्सा मानी जा रही है। पार्टी के लिए यह केवल नाराजगी दूर करने का मामला नहीं, बल्कि पुराने संगठनात्मक नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने की प्रक्रिया है। जिलाध्यक्ष बोले- छोटी-मोटी नाराजगी दूर कर रहे, निष्क्रिय लोगों को जोड़ेंगे भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला ने भी संगठन में चल रही इस कवायद की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि पुराने कार्यकर्ताओं और वरिष्ठजनों से बातचीत करने का क्रम चल रहा है। कुछ लोग छोटी-मोटी बातों को लेकर नाराज हो जाते हैं या निष्क्रिय होकर घर बैठ जाते हैं। ऐसे लोगों से बातचीत कर उनकी बात समझने और उन्हें फिर से सक्रिय करने की जिम्मेदारी वरिष्ठजनों को सौंपी गई है। लाला के मुताबिक, संगठन स्तर पर पुराने कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा करने और उनकी समस्याएं सुनने का काम पार्टी लाइन पर किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में बहुत ज्यादा नाराजगी नहीं है, लेकिन जो लोग किसी कारण से सक्रिय नहीं हैं, उन्हें फिर से संगठन से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User