कांग्रेस की दावे वाली सीटों पर सपा नेताओं का तंज:दे डाली पिछला प्रदर्शन देखने की नसीहत; 3 सीट पर था दावा
सपा व कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू हो चुकी है। लेकिन बातचीत से पहले कांग्रेस के कुछ नेताओं की ओर से सीटों को लेकर दावे किए गए थे। गोरखपुर में भी 3 सीट का दावा है लेकिन इस पर सपा नेता पहले से ही आपत्ति जताने लगे हैं। कांग्रेस की ओर से चिल्लूपार, बांसगांव, गोरखपुर ग्रामीण पर दावा किया जा रहा है। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रह्लाद यादव ने अपने फेसबुक पेज पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस को नसीहत दे डाली थी। सपा नेता ने कांग्रेस के नेताओं को पिछला प्रदर्शन देखने के बाद ही दावा करने की सलाह दी थी। कांग्रेस व सपा के बीच 2022 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन नहीं था। 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दल साथ मिलकर लड़े थे। बांसगांव लोकसभा क्षेत्र में सीट कांग्रेस को मिली थी और पूर्व मंत्री सदल प्रसाद यहां से चुनाव मैदान में थे। सदल ने भाजपा के कमलेश पासवान को कड़ी टक्कर दी थी और बहुत कम मतों के अंतर से चुनाव हारे थे। इसको देखते हुए कांग्रेस इस बार भी बांसगांव की सीट अपने लिए मांग रही है। सदल प्रसाद भी यहां से दावेदारी कर रहे हैं। जानिए सपा नेता ने क्या टिप्पणी की सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रह्लाद यादव ने साफ तौर पर लिखा कि कांग्रेस के नेताओं को पिछले प्रदर्शन के आधार पर सीट मांगनी चाहिए। उन्होंने तीन सीटों का जिक्र किया है, जिनपर कांग्रेस के नेता दावा कर रहे हैं। सबसे पहले उन्होंने गोरखपुर ग्रामीण का जिक्र करते हुए लिखा है कि 2022 में कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र निषाद महरा को 1492 वोट ही मिले थे। जो कुल मतों का 0.59 प्रतिशत था। इसी तरह बांसगांव विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी रहीं पूनम को 2050 वोट मिले थे। यह कुल मतों का 1.09 प्रतिशत था। तीसरी सीट के रूप में चिल्लूपार का जिक्र है। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी सोनिया को 1378 वोट मिले थे। जो कुल पड़े मतों का 0.61 प्रतिशत था। सपा नेता ने दोनों दलों के नेताओं को नसीहत दी है कि कांग्रेस के पिछले प्रदर्शन को देखते हुए ही नेताओं को सीट बंटवारे पर बात करनी चाहिए। जिससे उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराया जा सके। हालांकि कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने इनमें से चिल्लूपार सीट को सपा की सीट माना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)