भाजपा नेता बोले-सपा का दलित सम्मेलन फ्लॉप:केंद्रीय मंत्री सहित जिला-महानगर अध्यक्ष बोले-दलित सम्मेलन में दलित नहीं

Nov 15, 2026 - 20:05
0
भाजपा नेता बोले-सपा का दलित सम्मेलन फ्लॉप:केंद्रीय मंत्री सहित जिला-महानगर अध्यक्ष बोले-दलित सम्मेलन में दलित नहीं
आगरा में समाजवादी पार्टी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दलित महासम्मेलन को लेकर भाजपा ने सपा पर निशाना साधा है। केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल सहित जिला और महानगर अध्यक्ष ने कहा है, सपा दलित सम्मेलन में भीड़ नहीं जुटा पाई। जो थे भी वे दलित समाज से नहीं थे। भाजपा विधायक ने कहा, इस सम्मेलन में दलित के बजाय मुस्लिम और यादव समाज के लोग आए। उनकी भी संख्या काफी कम रही। अब विस्तार से पढ़िये... रविवार को आगरा के जीआईसी मैदान पर सपा का दलित महासम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष् अखिलेश यादव से लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता तक मौजूद रहे। यह वेस्ट यूपी का सम्मेलन था। इस सम्मेलन की सफलता पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सम्मेलन के संयोजक राज्यसभा सांसद व पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन को बधाई भी दी। अखिलेश यादव ने कहा, भीड़ देखकर लगता ही नहीं, ये वेस्ट यूपी का दलित सम्मेलन है, यह देश का दलित सम्मेलन है। अब जानिये भाजपाइयों ने क्या कहा... सपा के दलित सम्मेलन पर भाजपाइयों ने निशाना साधा है। केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा, इस सम्मेलन में दलित समाज के लोग नहीं थे। मुस्लिम और यादव समाज के लोग पहुंचे थे। उन्होंने कहा, दलित समाज के लोग जागरूक हैं, वे सपा के बहकावे में नहीं आने वाले। जिलाध्यक्ष 22 नेताओं की सूची पर उठाए सवाल भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने अखिलेश यादव के आगरा आगमन पर एयरपोर्ट पर स्वागत करने जाने वाले 22 नेताओं की सूची पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिस सम्मेलन के जरिए सपा दलित समाज को अपने साथ जोड़ने का संदेश दे रही है, उसी सम्मेलन में शामिल होने आ रहे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने वालों की सूची में एक भी दलित समाज के व्यक्ति का नाम नहीं है। प्रशांत पौनिया ने कहा कि उन्होंने सपा नेताओं की वह सूची देखी है, जिसमें 22 नेताओं को अखिलेश यादव के स्वागत के लिए एयरपोर्ट जाना है। इस सूची में दलित समाज के किसी व्यक्ति को जगह नहीं दी गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सम्मेलन ही दलितों के प्रतिनिधित्व और उनकी भागीदारी के नाम पर आयोजित किया जा रहा है तो फिर अखिलेश यादव के स्वागत में दलित समाज का कोई प्रतिनिधि क्यों नहीं है? महानगर अध्यक्ष बोले, भीड़ नहीं जुटा पाए महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता का कहना है, सम्मेलन में शामिल होने के लिए कई जिलों से लोग बुलाए गए थे। इसके बावजूद सपा भीड़ एकत्रित नहीं कर पाई। दूसरे जिलों से जो बसें आई थीं, उनमें बमुश्किल 4-5 लोग ही बैठकर आए। अधिकांश बसें खाली ही आईं। उन्होंने कहा, आयोजन स्थल पर भी सिर्फ 2500 कुर्सियों का ही बंदोबस्त किया गया था। उनमें भी अधिकांश खाली रह गईं। विधायक बोले, सम्मेलन में पहुंचे मुस्लिम-यादव आगरा कैंट से विधायक डा. जीएस धर्मेश ने कहा, इस सम्मेलन में दलित समाज के लोग पहुंचे ही नहीं। अधिकांश लोग मुस्लिम और यादव समाज के थे। सपा दलित समाज के विरोधी है। आज वह इस समाज का हितैषी बनने की कोशिश कर रही है, मगर, जब सपा की सरकार आती है तो वह इस समाज का उत्पीड़न करती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User