भारत-चीन समेत 16 देशों पर टैरिफ बढ़ा सकता है अमेरिका:सस्ते विदेशी सामान से US कंपनियों को नुकसान का आरोप; अभी भारत पर 18% टैरिफ
अमेरिका भारत, चीन समेत 16 देशों से आने वाले सामान पर इसी हफ्ते टैरिफ बढ़ा सकता है। अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर 11 मार्च से चल रही जांच के नतीजे जारी कर सकते हैं। अमेरिका का आरोप है कि ये देश सरकारी मदद से जरूरत से ज्यादा सामान बना रहे हैं और सस्ते दामों पर बेच रहे हैं। इससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान हो रहा है। यह जांच 1974 के अमेरिकी व्यापार कानून के तहत हो रही है। इसके आधार पर अमेरिका दूसरे देशों के सामान पर अतिरिक्त टैरिफ लगा सकता है। हालांकि, टैरिफ की नई दरें अभी तय नहीं हुई हैं। अमेरिकी ने इसी साल फरवरी में टैरिफ दर 50% से घटाकर 18% कर दी थी। साथ ही रूस से तेल इम्पोर्ट के कारण पेनल्टी के रूप में लगाए गए 25% टैरिफ को वापस करने का फैसला भी लिया था। जबरन मजदूरी के मामले में भी टैरिफ की तैयारी अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने जुलाई में विदेशी सप्लाई चेन में जबरन मजदूरी को लेकर भी जांच पूरी की थी। कार्यालय के मुताबिक, इस मामले में कई व्यापारिक साझेदार देशों पर 10 से 12.5% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा सकता है। इस जांच के दायरे में वे सभी 16 अर्थव्यवस्थाएं भी शामिल हैं, जिनके इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन की जांच चल रही है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बातचीत जारी भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर बातचीत चल रही है। दोनों देशों ने फरवरी में समझौते की रूपरेखा तय की थी, लेकिन अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा पिछले साल लगाए गए टैरिफ रद्द किए जाने के बाद बातचीत दोबारा शुरू करनी पड़ी। भारत चाहता है कि उसके सामान पर अमेरिकी बाजार में बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया जैसे प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले कम टैरिफ लगाया जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)