कानपुर के 42 चौराहों पर जाम से मिलेगी राहत:बड़ा चौराहा और घंटाघर से प्रोजेक्ट गिफ्ट की तैयारी शुरू, ये मिलेंगी सुविधाएं
कानपुर में जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए शहर के 42 प्रमुख चौराहों का कायाकल्प किया जाएगा। इसके लिए प्रोजेक्ट गिफ्ट (गाइडिंग इंफ्रास्ट्रक्चर फॉर ट्रैफिक) के तहत चौराहों को व्यवस्थित करने की तैयारी शुरू हो गई है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने मंगलवार देर रात बड़ा चौराहा और घंटाघर चौराहे का निरीक्षण किया। कानपुर के 42 चौराहों का होगा कायाकल्प निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दोनों चौराहों पर वाहनों के दबाव, आवागमन और जाम की स्थिति देखी। डीएम ने मौजूदा व्यवस्था की कमियां चिह्नित करते हुए नगर आयुक्त को सुधार की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़ा चौराहा व्यावसायिक क्षेत्र से जुड़ा है, जबकि घंटाघर शहर के कई प्रमुख मार्गों को जोड़ता है। ऐसे में यहां यातायात का सुचारु संचालन जरूरी है। इसलिए चौराहों की भौतिक स्थिति और यातायात की जरूरतों का आकलन कर सुधार कार्यों का प्रस्ताव तैयार किया जाए। लेफ्ट फ्री और यू-टर्न से घटेगा जाम प्रोजेक्ट के तहत चौराहों पर लेफ्ट फ्री व्यवस्था, यू-टर्न, दिशा-सूचक बोर्ड और रोड मार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे वाहनों की आवाजाही आसान बनाने और अनावश्यक जाम रोकने में मदद मिलेगी। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि चौराहों के विकास में सड़क सुरक्षा और पैदल यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाएगा। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा कराएं। निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट कंसल्टेंट स्टूडियो अर्बनलिंक एलएलपी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)