भारतीय ज्ञान और AI से बदलेगी शहरों की तस्वीर:IITBHU में विशेषज्ञों ने बताया टिकाऊ शहरों का फॉर्मूला,बोले- नदियों, झीलों और हरियाली को बचाना भी जरूरी

Nov 10, 2026 - 17:33
0
भारतीय ज्ञान और AI से बदलेगी शहरों की तस्वीर:IITBHU में विशेषज्ञों ने बताया टिकाऊ शहरों का फॉर्मूला,बोले- नदियों, झीलों और हरियाली को बचाना भी जरूरी
शहरों को स्मार्ट बनाने की होड़ में अब सिर्फ ऊंची इमारतें और चौड़ी सड़कें काफी नहीं होंगी, बल्कि नदियां, झीलें, हरियाली और पर्यावरण भी बचाना होगा। भारतीय ज्ञान परंपरा के साथ आधुनिक विज्ञान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को जोड़कर ही भविष्य के टिकाऊ शहर तैयार किए जा सकते हैं। तकनीक की मदद से न सिर्फ प्रदूषण पर नजर रखी जा सकेगी, बल्कि कचरे से ईंधन बनाने और शहरों को पर्यावरण के अनुकूल बनाने का रास्ता भी खुलेगा। यह बात आईआईटी कानपुर के कोटक स्कूल ऑफ सस्टेनेबिलिटी के डीन प्रो. सच्चिदानंद त्रिपाठी ने मंगलवार को आईआईटी में आयोजित संगोष्ठी में कही। 'इमर्जिंग एनवायरनमेंटल चैलेंजेज, टेक्नोलॉजी एंड सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स' विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने पर्यावरण की चुनौतियों और उनके तकनीकी समाधान पर चर्चा की। प्रो. त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय दर्शन में धर्म की अवधारणा प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर चलने की सीख देती है। आज इसी सोच को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ने की जरूरत है। शहर बसाने से पहले बचाने होंगे नदी और झील प्रो. त्रिपाठी ने कहा कि शहरों का तेजी से विस्तार हो रहा है, लेकिन इस दौरान प्रकृति को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। नदियों के बाढ़ क्षेत्र को सुरक्षित रखना, पुरानी झीलों को फिर से जीवंत करना और पानी बचाना शहरी नियोजन का हिस्सा होना चाहिए। शहरों में ऐसी इमारतें बनें जो पर्यावरण को कम नुकसान पहुंचाएं। साथ ही हाथियों, गौरैयों और दूसरे वन्यजीवों के प्राकृतिक ठिकानों को भी बचाना होगा। कचरे को समझें बोझ नहीं, कमाई का संसाधन महाकुंभ-2025 की अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कचरे का सही तरीके से प्रसंस्करण कर उससे उपयोगी संसाधन तैयार किए जा सकते हैं। कचरे से रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल (RDF) यानी वैकल्पिक ईंधन बनाना इसका अच्छा उदाहरण है। इससे कचरे का बोझ कम करने के साथ ऊर्जा के लिए भी नया विकल्प तैयार हो सकता है। AI बताएगा कहां और क्यों फैल रहा प्रदूषण प्रो. त्रिपाठी ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेंसर, कैमरे और डेटा सिस्टम की मदद से शहरों की निगरानी पहले से ज्यादा बेहतर हो सकती है। इनकी मदद से यह पता लगाया जा सकेगा कि किस इलाके में प्रदूषण बढ़ रहा है, उसके पीछे कौन से स्रोत जिम्मेदार हैं और कहां तत्काल कदम उठाने की जरूरत है। जलवायु से जुड़े खतरों का पहले ही आकलन कर शहरों को तैयार किया जा सकेगा। उन्होंने SAAQMS-ML, nRTSA और DHSA जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी देते हुए बताया कि इनसे प्रदूषण के हॉटस्पॉट और उसके असली स्रोतों की पहचान करना आसान होगा। इससे पूरे शहर में एक जैसे उपाय अपनाने के बजाय प्रदूषण प्रभावित इलाकों में जरूरत के मुताबिक कार्रवाई की जा सकेगी। डिजिटल तकनीक और बदलती जलवायु पर भी मंथन संगोष्ठी के पहले तकनीकी सत्र में प्रो. त्रिपाठी ने 'विजडम ऑगमेंटेड बाय एल्गोरिदम्स : द फ्यूचर ऑफ इंडियन सिटीज' विषय पर व्याख्यान दिया। वहीं बीएचयू के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के प्रो. अनुराग सिंह ने डिजिटल तकनीक और टिकाऊ उपभोग पर अपनी बात रखी। दूसरे सत्र में बीएचयू के प्रो. सरफराज आलम ने वैश्विक पारिस्थितिक और राजनीतिक बदलावों के बीच भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा की। डॉ. प्रशांत के. श्रीवास्तव ने बदलती जलवायु के दौर में सतत विकास की संभावनाओं को सामने रखा। दोनों सत्रों में विशेषज्ञों और प्रतिभागियों के बीच सवाल-जवाब भी हुए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User