इटावा सांसद ने चंद्रशेखर-ओवैसी गठबंधन पर दिया बयान:कहा- चंद्रशेखर और ओवैसी भाजपा की B टीम, दलित-मुस्लिम वोटों में बंटवारा चाहती है भाजपा
इटावा से समाजवादी पार्टी के लोकसभा सांसद जितेंद्र दोहरे ने गुरुवार को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के संभावित गठबंधन को लेकर बयान दिया। दोपहर करीब एक बजे उन्होंने दोनों नेताओं को भाजपा की B टीम बताया। सांसद ने आरोप लगाया कि दोनों नेता भाजपा के लोगों के लिए काम करते हैं। भाजपा भी चाहती है कि दलित और मुस्लिम वोटों का बंटवारा हो, लेकिन जनता को इन नेताओं पर भरोसा नहीं है। बोले- अनुसूचित जाति का वोट समाजवादी पार्टी के साथ जाएगा सांसद जितेंद्र दोहरे ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी आपस में गठबंधन करें या कुछ भी करें, जनता उन पर विश्वास नहीं करती। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेता भाजपा के समर्थन में काम करते हैं। दोहरे ने दावा किया कि आगामी चुनाव में अनुसूचित जाति का वोट समाजवादी पार्टी के साथ जाएगा और दलित समाज सपा का समर्थन करेगा। आजम खान और शिवपाल की मुलाकात को बताया जरूरी सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव की आजम खान से मुलाकात के सवाल पर सांसद ने कहा कि आजम खान पार्टी के वरिष्ठ और सम्मानित नेता रहे हैं। समाजवादी पार्टी के सभी लोग उनका सम्मान करते हैं। दोनों नेताओं की मुलाकात में मिल-जुलकर कोई रणनीति बनाई जा रही होगी। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में पार्टी के नेताओं का आपस में मिलना और बातचीत करना जरूरी है। योगी के बयान पर बोले- मुख्यमंत्री को भाषा में संयम रखना चाहिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर भी सांसद ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि उत्तराखंड की बेटी नहीं होती तो अखिलेश यादव आज भैंस चरा रहे होते। जितेंद्र दोहरे ने इस टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। उन्हें अपनी भाषा और शैली में संयम रखना चाहिए। उत्तराखंड की बेटी से शादी करने की बात कहकर इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। बोले- 2027 में जनता बताएगी कौन मठ जाएगा, कौन भैंस चराएगा सांसद ने मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पता चल जाएगा कि कौन मठ में जाएगा और कौन भैंस चराएगा। जनता चुनाव में इसका जवाब देगी। कांग्रेस से गठबंधन पर बोले- अखिलेश और राहुल मिलकर लड़ेंगे चुनाव समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर जितेंद्र दोहरे ने कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी दोनों का स्वभाव सरल है। दोनों अच्छे नेता हैं। उन्हें उम्मीद है कि दोनों नेता आपस में बैठकर बातचीत करेंगे और मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)