बरेली कोर्ट में पेशी के दौरान शातिर बंदी फरार:एसएसपी की बड़ी कार्रवाई, एसआई सहित आठ पुलिसकर्मी सस्पेंड, 9 पर एफआईआर
यूपी के बरेली में न्यायालय परिसर से एक शातिर अभियुक्त पुलिस अभिरक्षा से चकमा देकर फरार हो गया। यह पूरी वारदात 21 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:45 बजे उस वक्त हुई, जब जिला कारागार से न्यायालय लाए गए बंदियों को सेशन हवालात से संबंधित कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के बंशीनगला निवासी सचिन सिंह ठाकुर पुत्र निर्भान सिंह उर्फ चन्द्रभान सिंह को एडीजे कोर्ट में पेशी पर लाया गया था, जहां से वह सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को गच्चा देकर रफूचक्कर हो गया। सीसीटीवी फुटेज से खुली लापरवाही की पोल घटना का खुलासा तब हुआ जब न्यायालय चौकी प्रभारी एसआई सरोज कुमार ने 22 अक्टूबर को हवालात का निरीक्षण किया। पेशी के लिए कुल 6 बंदी भेजे गए थे, लेकिन वापस हवालात में केवल 5 ही पहुंचे। जब हवालात और परिसर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो पाया गया कि हेड कांस्टेबल कुलवन्त सिंह एक बंदी को और एसआई बिजेन्द्र सिंह व हेड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह चार बंदियों को लेकर वापस आते दिखे, जबकि सचिन सिंह ठाकुर वहां मौजूद नहीं था। हैरानी की बात यह रही कि जीडी में सभी 6 बंदियों की रवानगी और दोपहर 2:12 बजे वापसी तक दर्ज कर ली गई थी, लेकिन सचिन के गायब होने की सूचना अधिकारियों को नहीं दी गई। एसएसपी का कड़ा रुख, 8 पुलिसकर्मी निलंबित और 9 पर केस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने घोर लापरवाही और उदासीनता बरतने वाले 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। चौकी प्रभारी की तहरीर पर कोतवाली थाने में लापरवाह पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें फरार आरोपी सचिन सिंह ठाकुर के साथ-साथ एसआई बिजेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल कुलवन्त सिंह, हवालात प्रभारी सुधीर कुमार, सोमदास, धर्मेन्द्र, इन्द्रजीत और आदेश समेत कुल 9 लोगों को नामजद कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 261 और 262 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के लिए 4 टीमें गठित मामले की जानकारी देते हुए सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि 21 अक्टूबर को कोर्ट पेशी के दौरान हवालात से न्यायालय ले जाते समय अभियुक्त सचिन मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया था। प्रकरण संज्ञान में आते ही एसएसपी बरेली द्वारा हवालात ड्यूटी व पेशी ड्यूटी में तैनात 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है और कोतवाली में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियुक्त सचिन की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस, एसओजी, थाना कोतवाली और थाना सुभाषनगर की 4 संयुक्त टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)