इमरान मसूद बोले-हमें कोई रौंद दे ऐसा नहीं होगा:राहुल का चमत्कार था, जो अखिलेश को 2024 में 37 सीटें मिलीं...वरना
यूपी में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद अखिलेश यादव से बेहद नाराज हैं। सपा के 5 सीटों पर प्रत्याशियों के ऐलान के बाद उन्होंने मोर्चा खोल दिया है। कहा कि हम हर चीज के लिए तैयार हैं, लेकिन ऐसा नहीं है कि आप हमें रौंद दें। उन्होंने कहा कि 2024 में राहुल गांधी का चमत्कार था कि आप 37 सीटें जीते वरना गठबंधन 2019 और 2014 में किया था, तब सपा का क्या हाल था, आप खुद जानते हैं। इमरान ने कहा कि भाजपा को हराने की गारंटी राहुल गांधी हैं। दैनिक भास्कर ने इमरान मसूद से गठबंधन को लेकर एक्सक्लूसिव बातचीत की। पढ़िए पूरा इंटरव्यू--- सवाल- सीट शेयरिंग पर बातचीत के बीच सपा की 5 प्रत्याशियों की सूची पर क्या कहेंगे?
जवाब- ये उनका फैसला है। उनकी पार्टी है। अपनी पार्टी के फैसले लेने के लिए वो स्वतंत्र हैं। वो जिस तरह चाहे सूची जारी करें, मैं उसमें क्या बोलूंगा। लेकिन, अगर गठबंधन की बात है, तो गठबंधन में ऐसा नहीं हो सकता। आप बात कुछ करें और करें कुछ और, ये ठीक नहीं है। सवाल- सपा ने अपने मौजूदा विधायक को टिकट दिया है। इसमें गलत क्या है?
जवाब- मौजूदा विधायक किस वजह से हैं? मैं 2022 में गया था। 2 विधायक लेकर गया था, दोनों सिटिंग विधायक थे मेरे। आपके वादे पर मैंने सारी बात की, सब जीतकर दिया। उसके बाद मेरे चुनाव में जो कुछ हुआ, मुझे कहने की जरूरत नहीं है। मैं उसके बावजूद भी 40,000 और 47,000 वोट से उन दोनों सीटों से जीता हूं। लेकिन, गठबंधन की मजबूती की बात करनी है तो गठबंधन की तरह होनी चाहिए। आपने कह दिया कि साहब 26 से शुरू करेंगे। हमने तो सीटें मांगी भी नहीं। हम कोई भिखारी हैं? अब आप अपनी मर्जी से हमें बताएंगे कि हमें कहां लड़ना है? हम आपसे फैसले लेने के लिए नहीं हैं। सवाल- बात रुकेगी या अंजाम तक पहुंच जाएगी?
जवाब- मुझे नहीं पता। देखिए, गंभीरता हर चीज के अंदर होनी चाहिए। बैठ करके गठबंधन पर बात हो रही है। फिर किस बात की चर्चा हो रही थी, हम लोग बैठ करके चर्चा कर रहे, 2 दिन हमने मैराथन बैठक की। तो किस बात के लिए की हमने? क्यों हमने की? तो आप अगर यही डिक्लेरेशन करनी है, तो आप कर दीजिए। फिर 403 पर भी कर दीजिए। फिर क्या फर्क पड़ता है। अखिलेश यादव कह रहे हैं ये शुरुआती 26 की लिस्ट है।
- हमने तो 26 आपसे मांगी नहीं, आप क्यों डिक्लेअर कर रहे हैं? हमने तो आपसे नहीं कहा कि ये 26 सीट दीजिए। हमने तो आपको सूची नहीं दी। जब आप सब सूची डिक्लेअर कर रहे हो तो आप मिलाओ उनमें से। हमने कब दी आपको ये सीट जो आपने डिक्लेअर कर दी? क्या रुख रहेगा सहारनपुर की जो दो सीटें सपा ने डिक्लेअर की हैं। उस पर कांग्रेस का क्या रुख रहेगा?
- मुझे जो पार्टी कहेगी, मैं तो उसी हिसाब से काम करूंगा। लेकिन, हमें अपना अस्तित्व बचा के रखना है, अपनी पार्टी को बचा के रखना है। हमने बार-बार कहा कि हम हर चीज के लिए तैयार हैं। लेकिन, ऐसा नहीं होगा कि आप हमें रौंद देंगे। ये नहीं हो सकता है। कहा गया कि आप सहारनपुर की सातों सीटों पर प्रत्याशी उतारेंगे। क्या कहेंगे?
- मैंने अभी ऐसा कोई कुछ नहीं कहा है। लेकिन, आप एक बात बताइए, सारा जोर लगाया। सब लोग थे। पिछली बार 2022 में शोर मच रहा था, सरकार बन रही, सरकार बन रही। हमें भी लोग खींच करके शामिल कर दिए थे। सुभासपा भी आ गई थी। पता नहीं और कौन-कौन से दल आ गए थे, राष्ट्रीय लोक दल भी था। 111 पर टिके न आकर। ये राहुल गांधी का चमत्कार था कि आप 43 पर आए। ये गठबंधन राहुल गांधी का था। वरना 2019 में भी गठबंधन था। सपा बसपा गठबंधन हुआ, कहां खड़े थे आप? पांच ही सीट जीत पाए थे। पांच ही 14 में जीते थे, पांच ही तब जीत पाए थे। तो ये सब चीजों के ऊपर अगर आकलन करेंगे, तो फिर ये नहीं कह पाएंगे कि हमारे पास बस्ता लगाने वाले लोग नहीं हैं। इस देश के अंदर गारंटी भाजपा को हराने की राहुल गांधी हैं। कोई दूसरी गारंटी इस देश के अंदर नहीं है, जो ये कह सके कि वो भाजपा को हरा सकते हैं। गठबंधन का भविष्य क्या देखते हैं आप?
मुझे नहीं पता क्या भविष्य होगा। मैं कोई भविष्यवक्ता नहीं हूं कि मैं भविष्य बताऊंगा। मुझे नहीं पता क्या होगा। सपा के इस फैसले के बाद क्या आपकी बैठक जो आगे होनी है, होगी?
- क्या औचित्य है उन बैठकों का? उन बैठकों का कोई औचित्य ही नहीं है। बैठक दिल्ली में होगी और सूची लखनऊ से जारी हो जाएगी। हमने बैठक में बात भी नहीं की और आप सूची जारी करके कहोगे कि मैंने 26 दे दिया है। इसका मतलब क्या है? 35 सीट तो आप आरएलडी को दे रहे थे, आप 26 सीट हमको डिक्लेयर करके क्या बताना चाहते हो हमारा? ये जो व्यवहार है न, यह व्यवहार बहुत अपमानजनक है। ये नाराजगी इमरान मसूद की है या कांग्रेस की?
- मैं क्या हूं? मैं कांग्रेस हूं। अपमान कार्यकर्ताओं का, अपमान पार्टी का। 26 का क्या मतलब है? हम सीट आपसे मांग नहीं रहे, आप हारी हुई सारी सीट हमें देकर और फिर हमसे कहते हो कि स्ट्राइक रेट आपका अच्छा नहीं। अरे! तो हम कोई आपकी मर्जी पर नहीं रहेंगे कि हम आपकी मर्जी पर हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)