बुलंदशहर के नुमाइश मैदान में पटाखा बाजार लगा:दमकल की गाड़ी और पुलिस तैनात, चार पहिया व भारी वाहनों की एंट्री बंद
प्रकाश के पर्व दीपावली को लेकर बुलंदशहर शहर में उत्सव का माहौल है। त्यौहार को देखते हुए प्रशासन की देखरेख में स्थानीय नुमाइश मैदान में भव्य पटाखा बाजार सजाया गया है। सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने चिन्हित मैदान में ही दुकानों के लाइसेंस आवंटित किए हैं। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रति दुकान किराया 500 रुपये निर्धारित किया गया है, ताकि व्यापारियों और आम जनता दोनों को सहूलियत मिल सके। पटाखा बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं। नुमाइश मैदान में दमकल विभाग की एक गाड़ी को तैनात किया गया है। साथ ही अग्निशमन कर्मियों को हर समय अलर्ट मोड पर गाड़ी पर तैनात रखा गया है, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा पुलिस बल की भी पर्याप्त तैनाती की गई है। बाजार में खरीदारी का रुझान काफी अच्छा देखा जा रहा है। स्थानीय पटाखा व्यापारी सचिन वशिष्ठ ने बताया कि इस बार आतिशबाजी की बिक्री काफी अच्छी हो रही है। त्यौहार की उमंग के चलते पटाखा बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। रंग-बिरंगी आतिशबाजी और नए प्रकार के पटाखों की मांग अधिक है, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं। नुमाइश मैदान के आसपास शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। भीड़भाड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से बाजार क्षेत्र में चार पहिया वाहनों और भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह से बंद कर दी गई है। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए मुख्य बाजार में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। केवल दोपहिया वाहनों को ही नियमानुसार एंट्री दी जा रही है, जिससे आम जनता को खरीदारी के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)