PHQ के सामने प्रतीकात्मक शव जलाने पर FIR:धोखाधड़ी के आरोपी की गिरफ्तारी न होने के विरोध में अंतिम यात्रा भी निकाली थी

Nov 25, 2026 - 09:07
0
PHQ के सामने प्रतीकात्मक शव जलाने पर FIR:धोखाधड़ी के आरोपी की गिरफ्तारी न होने के विरोध में अंतिम यात्रा भी निकाली थी
प्रयागराज में पुलिस की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालने और पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) के सामने प्रतीकात्मक शव जलाने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। सिविल लाइंस थाने में तीन नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दरोगा की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस के खिलाफ नारेबाजी और अभद्र टिप्पणियां की गईं। प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालने और उसे जलाने से आम लोगों में भय का माहौल बना और आवागमन भी प्रभावित हुआ। दरअसल, पूरा मामला 64 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी से जुड़े एक मुकदमे में गिरफ्तारी की मांग को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है। चौकी प्रभारी साई धाम विपिन कुमार यादव की तहरीर के मुताबिक, झूंसी निवासी बृजेश कुमार तिवारी की तहरीर पर तीन नवंबर को सिविल लाइंस थाने में अभय पांडेय के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता का कहना था कि मुकदमे में गंभीर धाराएं नहीं लगाई गई हैं। मामले की विवेचना के दौरान साक्ष्य जुटाने के बाद पांच नवंबर को मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी की गई। इसकी जानकारी शिकायतकर्ता को भी दे दी गई थी। हालांकि, इसके बाद भी वह आरोपित की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। थाने में आमरण अनशन के बाद पीएचक्यू पहुंचे पुलिस का आरोप है कि मुकदमे में धाराएं बढ़ाए जाने के बावजूद शिकायतकर्ता ने आरोपित की गिरफ्तारी होने तक आमरण अनशन जारी रखने की बात कही। इसके बाद कुछ अन्य लोग भी थाने में धरने पर बैठ गए। थाने के कार्यालय की तरफ दो साउंड बॉक्स और दो लाउडस्पीकर लगाकर तेज आवाज में गाने बजाए गए। माइक से नारेबाजी और पुलिस के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां भी की गईं। पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को शिकायतकर्ता के स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें तेज बहादुर सप्रू (बेली) अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद थाने पर चल रहा धरना समाप्त हो गया। हालांकि, 12 नवंबर को अस्पताल से लौटने के बाद वह अपने साथियों के साथ पुलिस मुख्यालय पहुंच गए और दोबारा आमरण अनशन शुरू कर दिया। यहां भी मुकदमे के आरोपित की गिरफ्तारी की मांग की जाती रही। तहरीर में कहा गया है कि प्रदर्शनकारियों को कई बार समझाया गया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन वे अनशन समाप्त करने को तैयार नहीं हुए। पहले भी दो बार हटाई गई प्रतीकात्मक अर्थी दरोगा की तहरीर के मुताबिक, प्रयागराज में निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद बिना अनुमति प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी क्रम में 20 नवंबर की शाम करीब पांच बजे कुछ लोग सिविल लाइंस थाने के सामने एकत्र हुए। आरोप है कि उन्होंने बांस की टिकठी पर प्रतीकात्मक अर्थी तैयार की। उस पर पुलिस की तस्वीर लगाकर सफेद कपड़ा बिछाया गया और शव यात्रा निकालने की तैयारी की गई। पुलिस का कहना है कि मौके पर पहुंचकर पहली बार प्रतीकात्मक अर्थी हटवाई गई, लेकिन कुछ देर बाद दोबारा ऐसी कोशिश की गई। उसे भी हटवा दिया गया। इसके बाद शाम करीब सात बजे हाईकोर्ट के हनुमान मंदिर के पास पुल के नीचे फिर से प्रतीकात्मक अर्थी निकालने का प्रयास किया गया। पुलिस ने उसे भी हटवा दिया। सुबह सब्जी मंडी चौराहे पर सुबह प्रदर्शन तहरीर के अनुसार, 21 नवंबर की सुबह करीब 6:30 बजे प्रदर्शनकारियों ने सब्जी मंडी चौराहे के पास से प्रयागराज पुलिस की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली। इसके बाद प्रतीकात्मक शव को पुलिस मुख्यालय के सामने जलाया गया। प्रदर्शन के दौरान सरकारी कामकाज प्रभावित करने और निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने जैसी गतिविधियां की गईं। इन्हीं आरोपों के आधार पर चौकी प्रभारी साई धाम की ओर से 21 नवंबर को सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी गई। इसके बाद तीन नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस का कहना है कि 64 हजार रुपये की धोखाधड़ी के मूल मुकदमे में नामजद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User