दीपावली पर झुलसे लोगों के इलाज के लिए बेड रिजर्व:मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में 10 और हर CHC में 4 बेड रखे गए
मुजफ्फरनगर में दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान आग से झुलसने या किसी अन्य आपात स्थिति में लोगों को तत्काल इलाज मिल सके, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां की हैं। जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर चार-चार बेड आरक्षित किए गए हैं। वहीं, जिला अस्पताल में झुलसे मरीजों के इलाज के लिए 10 बेड की व्यवस्था की गई है। सीएमओ ने अस्पतालों का किया निरीक्षण मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सभी ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भुजवीर सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मरीजों के उपचार की तैयारियां देखीं। सीएमओ ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में पर्याप्त मेडिकल स्टाफ, जरूरी दवाइयां, ड्रेसिंग सामग्री और आपातकालीन उपचार की व्यवस्था बनाए रखें। ताकि आग से झुलसने या दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों को बिना देरी इलाज मिल सके। पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी सीएमओ ने लोगों से दीपावली सावधानीपूर्वक मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आतिशबाजी करते समय बच्चों को अकेला न छोड़ें। पटाखे खुले स्थान पर और ज्वलनशील पदार्थों से दूर जलाएं। आंखों और हाथों की सुरक्षा का ध्यान रखें। पटाखे जलाते समय पानी और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था पास में रखें। जलने पर ठंडे पानी से करें उपचार सीएमओ ने बताया कि जलने पर प्रभावित हिस्से पर तुरंत सामान्य ठंडा बहता पानी डालना चाहिए। उस पर बर्फ, घी, तेल या टूथपेस्ट नहीं लगाना चाहिए। गंभीर स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल पहुंचना चाहिए। उन्होंने ध्वनि और वायु प्रदूषण से बचने के लिए अधिक धुआं करने वाले पटाखों से परहेज करने की सलाह दी। साथ ही सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे बुजुर्गों, बच्चों और अन्य लोगों का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)