छोटी दिवाली पर बाजारों में उमड़ा उल्लास:घर-घर सजी रोशनी; कल दीपों से जगमगाएगा अलीगढ़, अभ्यंग स्नान का मुहूर्त सुबह 5:41 से 11:26 बजे तक

Nov 07, 2026 - 20:31
0
छोटी दिवाली पर बाजारों में उमड़ा उल्लास:घर-घर सजी रोशनी; कल दीपों से जगमगाएगा अलीगढ़, अभ्यंग स्नान का मुहूर्त सुबह 5:41 से 11:26 बजे तक
छोटी दिवाली पर शनिवार को पूरा शहर त्योहार के रंग में डूबा नजर आया। सुबह से देर शाम तक बाजारों में खरीदारी का सिलसिला चलता रहा। कहीं घरों को सजाने के लिए रंग-बिरंगी झालरें और आकर्षक सजावटी सामान खरीदे गए तो कहीं मिठाई, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं और पूजन सामग्री की दुकानों पर भीड़ उमड़ी। घरों में साफ-सफाई और सजावट के बाद दीपावली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। अब रविवार को बड़ी दीपावली मनाने के लिए शहर तैयार है। रोशनी से जगमगाने लगे घर, बाजारों में रौनक छोटी दिवाली पर घरों से लेकर बाजारों तक उत्सव का माहौल दिखाई दिया। लोगों ने घरों के दरवाजों, छतों और बालकनी को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया। बाजारों में दीपक, मोमबत्तियां, रंगोली, फूल-मालाएं और सजावटी सामान की खरीदारी होती रही। परिवारों ने एक साथ बाजार पहुंचकर त्योहार की जरूरतों का सामान खरीदा। देर शाम तक बाजारों में जबरदस्त चहल-पहल बनी रही। मिठाई से लेकर लक्ष्मी-गणेश तक की खरीदारी दीपावली के लिए मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं के साथ पूजा की थाली, रोली, चावल, खील-बताशे, मिट्टी के दीपक और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी हुई। कई परिवारों ने रविवार को होने वाले लक्ष्मी-गणेश पूजन की तैयारियां शनिवार को ही पूरी कर लीं। घरों में पकवान बनाने और पूजा की व्यवस्था जुटाने का सिलसिला भी चलता रहा। सुबह अभ्यंग स्नान, फिर दीपावली का उल्लास नरक चतुर्दशी पर अभ्यंग स्नान का विशेष महत्व है। मान्यता के अनुसार चतुर्दशी तिथि और उदयकालीन संयोग में यह स्नान किया जाता है। पंडित हृदय रंजन शर्मा के अनुसार, 8 नवंबर को सुबह 5:41 से 11:26 बजे तक अभ्यंग स्नान का शुभ मुहूर्त रहेगा। इस दौरान शरीर पर उबटन लगाने और स्नान कर स्वच्छता रखने का विशेष महत्व माना गया है। सुबह 11:27 बजे से शुरू होगी अमावस्या तिथि पंडित हृदय रंजन शर्मा ने बताया कि अमावस्या तिथि रविवार 8 नवंबर को सुबह 11:27 बजे से प्रारंभ होगी। इसके साथ ही दीपावली पर्व का मुख्य आयोजन होगा। घरों और प्रतिष्ठानों में लक्ष्मी-गणेश पूजन की तैयारियां की जा रही हैं। लोगों को अब रविवार की शाम घरों और प्रतिष्ठानों में दीप जलाने तथा पूजा-अर्चना का इंतजार है। शहर के बाहर 15 बैरियर, बाजारों में भी नाकेबंदी त्योहारी भीड़ के बीच सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस ने शहर में चौतरफा इंतजाम किए हैं। शहर के आउटर सर्किल पर 15 बैरियर पॉइंट बनाकर नाकेबंदी की गई है। इसके साथ ही प्रमुख बाजारों और व्यस्त रास्तों पर भी बैरियर लगाए गए हैं, ताकि बाजारों में वाहन फर्राटा न भर सकें। तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के साथ दुर्घटनाओं और आपराधिक घटनाओं को रोकना इसका उद्देश्य है। दो कंपनी पीएसी तैनात, सेक्टरों में बंटी पुलिस मिश्रित आबादी और सांप्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील शहर में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा के लिए दो कंपनी पीएसी अतिरिक्त मिली है। शहर के प्रत्येक चौकी क्षेत्र को सेक्टर में बांटकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी लगातार गश्त कर रहे हैं। सीओ स्तर के अधिकारी भी अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा ले रहे हैं। एसएसपी दिनभर भ्रमणशील, रात दो बजे तक सड़कों पर रहेगा पुलिस फोर्स एसपी सिटी आदित्य बंसल शहरी क्षेत्र और एसपी देहात ग्रामीण इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं। एसएसपी नीरज जादौन भी दिनभर शहर के बाजारों और संवेदनशील इलाकों में भ्रमणशील रहे। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पूरा पुलिस फोर्स रात दो बजे तक सक्रिय रहकर ड्यूटी करेगा। बीती रात धनतेरस पर भी पुलिसकर्मी रात दो बजे तक सड़कों पर मुस्तैद रहे और शनिवार रात भी यही व्यवस्था लागू रहेगी। त्योहार पर लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मोबाइल गश्त अनिवार्य रूप से करें और रात दो बजे तक पुलिस फोर्स सक्रिय रहे। शहर के बाहर और प्रमुख बाजारों में बैरियर लगाकर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की गई है। दो कंपनी पीएसी भी तैनात की गई हैं। त्योहारी सीजन में सुरक्षा और यातायात नियंत्रण की यह व्यवस्था लगातार पांच दिन तक जारी रहेगी।-नीरज जादौन, एसएसपी

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User