छठ घाटों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने दिए निर्देश:मगरमच्छ की आशंका वाले घाटों पर जाल लगेंगे, संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे

Nov 13, 2026 - 15:19
0
छठ घाटों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने दिए निर्देश:मगरमच्छ की आशंका वाले घाटों पर जाल लगेंगे, संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे
सोनभद्र में डाला छठ पर्व के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अधिकारियों के साथ बैठक कर घाटों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सफाई, रोशनी, पहुंच मार्ग और सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने तहसीलवार घाटों की तैयारियों की जानकारी ली। ओबरा तहसील में 60, दुद्धी में 65, रॉबर्ट्सगंज में 33 और घोरावल में 30 प्रमुख घाट चिह्नित किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं ठीक कराने को कहा। सभी उप जिलाधिकारियों और पुलिस उपाधीक्षकों को संवेदनशील घाटों का साथ में निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। ओबरा क्षेत्र में रेणु और सोन नदी के घाटों पर विशेष टीम बनाकर सुरक्षा जांचने और जरूरत के मुताबिक सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया। घोरावल क्षेत्र के जिन पोखरों, नदियों और जलाशयों में मगरमच्छ होने की आशंका है, वहां सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। ऐसे घाटों पर संबंधित विभागों से तालमेल कर जाल लगाने और सुरक्षा के दूसरे इंतजाम करने को कहा गया है। प्रभागीय वनाधिकारी ओबरा, रेनुकूट और कैमूर वन्यजीव प्रभाग को अपने क्षेत्रों के घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम कराने की जिम्मेदारी दी गई। जिला पंचायत राज अधिकारी और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को ग्रामीण और शहरी घाटों पर सफाई, रोशनी और पहुंच मार्ग ठीक कराने को कहा गया। पूजा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और अराजकतत्वों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, सीओ, बीडीओ और संबंधित अधिकारी ऑनलाइन जुड़े रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User