मिट्टी खुदाई के विवाद में घायल भट्ठा मालिक की मौत:कानपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा; बेटे ने चार लोगों पर बंधक बनाकर पीटने का आरोप लगाया
फर्रुखाबाद के थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव रसूलपुर घुमइया निवासी ईंट भट्ठा मालिक जयदेव राजपूत उर्फ दुर्विजय (48) की गुरुवार रात कानपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि 9 नवंबर को मिट्टी खुदाई के विवाद में कुछ लोगों ने उन्हें फोन कर बुलाया और बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की थी। शुक्रवार को शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रॉयल्टी जमा होने के बावजूद चल रहा था खुदाई का विवाद जयदेव सिकंदरपुर नहरोसा स्थित शर्मा ईंट भट्ठे में पार्टनर थे। उन्होंने नहरोसा गांव में भट्ठे के लिए तीन बीघा जमीन की मिट्टी खरीदी थी। परिजनों के मुताबिक, मिट्टी की रॉयल्टी भी जमा की जा चुकी थी और खुदाई शुरू होनी थी, लेकिन इसी जमीन पर खुदाई को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद चल रहा था। फोन पर बात होने के बाद अकेले गए थे, बंधक बनाकर पीटा परिजनों का कहना है कि 9 नवंबर को जयदेव भट्ठे पर गए थे। वहां से फोन पर बातचीत होने के बाद वह अकेले संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें बंधक बना लिया और लाठी-डंडों से जमकर पीटा, जिससे उनके शरीर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। जानकारी मिलने पर परिजन रात करीब 10 बजे घायल अवस्था में उन्हें लेकर नवाबगंज थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। सुधार न होने पर परिजन उन्हें कानपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां गुरुवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप मृतक के बेटे गौरव का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ महज एनसीआर (NCR) दर्ज की थी और कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को शव गांव पहुंचने पर पत्नी आशा देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जयदेव अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे (सौरभ, गौरव, नीलेश) और चार बेटियां छोड़ गए हैं, जिनमें से तीन की शादी हो चुकी है जबकि सबसे छोटी बेटी ज्योति अविवाहित है। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 9 नवंबर को इस मामले में चार लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई थी। अब घायल की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में हत्या व अन्य आवश्यक धाराएं बढ़ाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)