छठ की खुशियों के बीच गंगा में डूबे दो किशोर:बलिया के माल्देपुर घाट पर हादसा; देर शाम तक नहीं मिला सुराग

Nov 14, 2026 - 18:57
0
छठ की खुशियों के बीच गंगा में डूबे दो किशोर:बलिया के माल्देपुर घाट पर हादसा; देर शाम तक नहीं मिला सुराग
बलिया में छठ पूजा की तैयारियों के बीच शनिवार शाम फेफना थाना क्षेत्र के माल्देपुर गंगा घाट पर बड़ा हादसा हो गया। पूजा की बेदी बनाने और गंगाजल लाने की बात कहकर घर से निकले दो किशोर गंगा में स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। देर शाम तक एनडीआरएफ और पुलिस की टीम दोनों की तलाश में जुटी रही, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। गंगा में डूबने वालों की पहचान मारुति नंदन गुप्ता (19) पुत्र नारायण प्रसाद गुप्ता, निवासी चित्तू पांडेय चौराहा और रौनक श्रीवास्तव (20) पुत्र आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, निवासी जगदीशपुर, पानी की टंकी के पास, कोतवाली बलिया के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, दोनों युवक छठ पूजा की बेदी बनाने और गंगाजल लाने की बात कहकर घर से निकले थे। माल्देपुर घाट पर बेदी बनाने के बाद दोनों गंगा में स्नान करने उतर गए। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। हादसे के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर फेफना थाना पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया। क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार और एसडीएम गोपेश तिवारी ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य का जायजा लिया। घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और एसपी डॉ. ईरज राजा भी घटनास्थल पहुंचे। उधर, दोनों युवकों के डूबने की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में घाट पर पहुंच गए। देर शाम तक पुलिस, एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User