चोरी के शक में युवक को खंभे से बांधकर पीटा:सोनभद्र में चेहरे पर पोती कालिख और चूना; 4 लोग हिरासत में
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के करारी गांव में चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर खंभे से बांध दिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और चेहरे पर कालिख व चूना पोतकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। घटना का वीडियो मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, करारी गांव निवासी गोलू दुबे पुत्र रमाशंकर दुबे पर रविवार को गांव के ही राजू यादव के घर में घुसकर चोरी करने का आरोप लगा। बताया जा रहा है कि कुछ ग्रामीणों ने उसे कथित तौर पर चोरी का सामान ले जाते हुए देख लिया था। इसके बाद गांव के कई युवकों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसे खंभे से बांधकर पीटा और बाद में उसके चेहरे पर कालिख व चूना पोत दिया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा। पहले भी चोरी की घटनाओं में शामिल होने का दावा ग्रामीणों का आरोप है कि युवक पहले भी चोरी की कई घटनाओं में पकड़ा जा चुका है। बताया जा रहा है कि बिठगांव गांव में तीन भैंस चोरी के मामले में भी उसे कथित तौर पर रंगे हाथ पकड़े जाने का दावा किया गया है। इसके अलावा करारी और आसपास के गांवों में हुई चोरी की अन्य घटनाओं में भी उसका नाम सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो के आधार पर चार लोग हिरासत में सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर चार लोगों को पुलिस हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम और युवक पर लगे चोरी के आरोपों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)