यूपी में अखिलेश-राहुल के बीच सीटों पर घमासान! सपा का 26 सीटों का ऑफर, कांग्रेस की 100 की मांग!
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। वहीं कांग्रेस कम से कम 100 सीटें चाहती है। दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है।
दि राइजिंग न्यूज़ | लखनऊ | 24 नवंबर 2026
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव की पार्टी सपा ने कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस की मांग इससे काफी ज्यादा है। कांग्रेस ने सपा को 130 सीटों की सूची सौंपी थी और अब बाकी सीटों पर अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने के लिए जीत का समीकरण और संभावित उम्मीदवारों की जानकारी देने को कहा गया है।
सपा के प्रस्ताव में रामपुर खास और फरेंदा जैसी सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके अलावा मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर जैसी सीटें भी प्रस्ताव में शामिल हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी। इन छह सीटों के अलावा बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, खुर्जा, आगरा उत्तर, गोरखपुर शहर और वाराणसी कैंट समेत 20 अन्य सीटें भी कांग्रेस को देने का प्रस्ताव है।
वहीं, कांग्रेस तीन अंकों से कम सीटों पर समझौता करने के मूड में नहीं है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी कम से कम 100 सीटों की मांग पर अड़ी हुई है। कांग्रेस का मानना है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में लगातार मेहनत की है और लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन में भी सुधार हुआ है। इसी आधार पर कांग्रेस विधानसभा चुनाव में अधिक सीटें चाहती है।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस 145 सीटों से बातचीत शुरू करना चाहती है, हालांकि जरूरत पड़ने पर इस संख्या में बदलाव के लिए तैयार है। लेकिन पार्टी 50 से कम सीटें मिलने की स्थिति में गठबंधन को लेकर मुश्किल मान रही है। फिलहाल दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत जारी है और किसी भी तरह की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में देखना होगा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी के बीच सीटों का यह विवाद कैसे सुलझता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)