यूपी की बड़ी खबरें:हाईकोर्ट ने हमीरपुर SP को अवमानना का प्रथमदृष्टया दोषी माना, कहा- आदेश का पालन करें, वरना हाजिर हों

Nov 24, 2026 - 11:09
0
यूपी की बड़ी खबरें:हाईकोर्ट ने हमीरपुर SP को अवमानना का प्रथमदृष्टया दोषी माना, कहा- आदेश का पालन करें, वरना हाजिर हों
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक को प्रथमदृष्टया कोर्ट के आदेश की जानबूझकर अवहेलना का दोषी माना है। कोर्ट ने आदेश का पालन करने के लिए उन्हें एक महीने का अंतिम अवसर दिया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि तय समय में निर्देशों का पालन नहीं हुआ तो एसपी को खुद कोर्ट में उपस्थित होकर बताना होगा कि उनके खिलाफ अवमानना की कार्यवाही क्यों न शुरू की जाए। न्यायमूर्ति पीयूष अग्रवाल की एकल पीठ ने गायत्री देवी की दूसरी अवमानना याचिका पर यह आदेश दिया। याची की ओर से कोर्ट को बताया गया कि हाईकोर्ट ने 1 अप्रैल 2026 को एसपी हमीरपुर को उनके प्रत्यावेदन पर विधि के अनुसार जल्द निर्णय लेने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने इसके लिए अधिमानतः छह सप्ताह का समय तय किया था। याची के मुताबिक, एसपी को आदेश की जानकारी दिए जाने के बावजूद उसका पालन नहीं किया गया। इससे पहले दाखिल अवमानना याचिका को इस छूट के साथ निस्तारित किया गया था कि अनावश्यक देरी होने पर याची दोबारा कोर्ट आ सकती हैं। आदेश का पालन नहीं होने पर गायत्री देवी ने दूसरी अवमानना याचिका दाखिल की। पढ़ें पूरी खबर अयोध्या में 186 दरोगाओं के तबादले:रामशंकर को सिविल कोर्ट चौकी से बीकापुर और राजेन्द्र को सिविल कोर्ट चौकी से तारुन भेजा गया अयोध्या में विधानसभा चुनाव-2027 से पहले पुलिस विभाग में तबादलों का सिलसिला जारी है। सीओ और इंस्पेक्टरों के कार्यक्षेत्र बदलने के बाद अब 186 उपनिरीक्षकों (दरोगाओं) का तबादला किया गया है। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने सभी दरोगाओं को नई तैनाती पर तत्काल ज्वाइन करने के निर्देश दिए हैं। इस फेरबदल में जिले के कई प्रमुख थानों और चौकियों पर तैनात दरोगाओं को इधर से उधर किया गया है। इसमें कोतवाली नगर, कोतवाली अयोध्या, राम जन्मभूमि थाना, पूराकलंदर, रौनाही, महाराजगंज, गोसाईगंज, बीकापुर, इनायतनगर, तारुन, हैदरगंज, कुमारगंज, खंडासा, रुदौली, मवई, पटरंगा और बाबा बाजार थाने शामिल हैं। पढ़ें पूरी खबर पिकअप की बोलेरो से टक्कर में दो युवकों की मौत:प्रतापगढ़ में दो लोग गंभीर घायल, ड्राइवर मौके से फरार प्रतापगढ़ में सोमवार देर रात बोलेरो और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद पिकअप ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसा फतनपुर थाना क्षेत्र के बीरापुर-जगनीपुर मार्ग पर कबीर आश्रम बिच्छूर के पास हुआ। जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र के रायपुर कला गांव के चार युवक बोलेरो से जा रहे थे। सोमवार रात करीब 10:30 बजे सामने से आ रही पिकअप ने बोलेरो में टक्कर मार दी। पढ़ें पूरी खबर दुबग्गा में नकली ऑक्सीटोसिन बनाने की फैक्ट्री पकड़ी, 2 गिरफ्तार:फिनायल, नमक और पाउडर मिलाकर बनाते थे; 2 करोड़ का माल बरामद लखनऊ के दुबग्गा में STF और पुलिस की संयुक्त टीम ने नकली ऑक्सीटोसिन बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी है। सोमवार रात छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मौके से 2 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का नकली ऑक्सीटोसिन और उसे बनाने का सामान बरामद हुआ। फैक्ट्री में नकली ऑक्सीटोसिन तैयार कर बोतलों और एम्पुल में भरकर सप्लाई किया जा रहा था। छापेमारी में 200 ML की 3,700 बोतलें, 2 ML के 1 लाख 77 हजार 800 एम्पुल और 35 लीटर लिक्विड ऑक्सीटोसिन मिला। इसके अलावा 8 हजार खाली बोतलें, 48 हजार एल्युमिनियम ढक्कन, 5 हजार रबर कैप और सीलर मशीनें बरामद की गईं। जांच में सामने आया कि आरोपी फिनायल के 12 केन, 36 किलो नमक और संदिग्ध पाउडर का इस्तेमाल कर नकली ऑक्सीटोसिन बना रहे थे। तैयार माल को बोतलों और एम्पुल में भरकर सप्लाई करने की तैयारी थी। STF और पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर ग्रेटर नोएडा में मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार:चोरी के 9 मोबाइल और 4 बाइक बरामद, पुलिस की गोली लगने से हुआ घायल ग्रेटर नोएडा के दादरी में सोमवार रात पुलिस और बाइक सवार दो संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में लोकेश नाम का बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके कब्जे से 9 मोबाइल फोन, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। उसकी निशानदेही पर चोरी की 4 मोटरसाइकिलें भी मिली हैं। पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात बौड़ाकी कट के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सामने से बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक लेकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में लोकेश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी भाग निकला। पढ़ें पूरी खबर पूर्व सांसद पर शादी का झांसा देकर रेप का आरोप:गोरखपुर में युवती बोली- होटल ले जाकर संबंध बनाया, अब बात नहीं करते गोरखपुर में पूर्व सांसद पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर रेप और शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती तारामंडल क्षेत्र की एक फाइनेंस कंपनी में मैनेजर है। उसने पूर्व सांसद पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। शनिवार को युवती रामगढ़ताल थाने पहुंची और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। उसने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि पूर्व सांसद उसे होटल ले गए थे और मंदिर में शादी करने का नाटक भी किया था। मामले में SSP ने सीओ कैंट की निगरानी में रामगढ़ताल पुलिस को जांच सौंपी है। पुलिस युवती के मोबाइल में मौजूद तस्वीरों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर गाजियाबाद में पार्षद के सुरक्षा कर्मी पर चाकू से हमला:चार युवकों पर लगा आरोप, ई-रिक्शा हटाने को लेकर हुआ था विवाद गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा हटाने को लेकर हुए विवाद में पार्षद रवि भाटी के निजी सुरक्षा कर्मी पर जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि चार युवकों ने पहले उनके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर एक युवक ने चाकू से उनके पेट पर कई वार किए। हमले में दीपक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दो नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। शालीमार गार्डन मेन के बी-183 निवासी दीपक सिंह ने पुलिस को बताया कि 23 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे वह जीजी फॉर्म हाउस के खत्ते से भाटी ऑफिस की तरफ जा रहे थे। भाटी गेट के पास ई-रिक्शा खड़ा होने से जाम लगा हुआ था। उन्होंने ई-रिक्शा चालक से रिक्शा किनारे करने और रास्ता खाली करने को कहा। इसी बात पर वहां मौजूद चार युवक उनसे गाली-गलौज करने लगे। दीपक ने विरोध किया तो एक युवक ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद चारों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। एक आरोपी ने चाकू से उनके पेट पर कई वार किए। पढ़ें पूरी खबर

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User